भिलाई । कुम्हारी स्थित स्व. बिंदेश्वरी महाविद्यालय के भूमिपूजन कार्यक्रम में शुक्रवार को उस वक्त माहौल गरमा गया, जब सांसद विजय बघेल मंच से ही भड़क उठे। कार्यक्रम में उपस्थित डिप्टी सीएम अरुण साव के सामने ही सांसद बघेल ने कांग्रेसियों को जमकर लताड़ लगाई। दरअसल, कार्यक्रम के निमंत्रण और उद्घाटन सूची में नाम नहीं जोड़े जाने को लेकर कांग्रेसियों ने आपत्ति जताई थी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद बघेल ने कहा –“हमें प्रोटोकॉल सिखाने की जरूरत नहीं ! जब राज्य के उपमुख्यमंत्री खुद आए हैं, तब ये लोग कहां हैं ? चाहे इनके मुखिया पूर्व मुख्यमंत्री हों या इनके चंगू-मंगू… आ गए मुंह फाड़ के मेरा नाम लिखो!”।सांसद बघेल यहीं नहीं रुके, उन्होंने कॉलेज में छात्रों की अनुशासनहीनता पर भी कड़ी नाराजगी जताई और कॉलेज की प्राचार्य को फटकार लगाई।
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने भी छात्रों के अव्यवस्थित व्यवहार पर नाराजगी जताई और कॉलेज प्रशासन को बेहतर अनुशासन व्यवस्था बनाए रखने की सलाह दी। सांसद बघेल ने कहा कि वे शीघ्र ही कॉलेज की स्थिति की समीक्षा करेंगे और अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।