पाटन । पाटन नगर पंचायत ने एक बार फिर स्वच्छता के क्षेत्र में अपनी प्रतिबद्धता और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया है। “स्वच्छता ही सेवा” अभियान को साकार करते हुए नगर के ऐतिहासिक और आस्था स्थल बूढ़ा तालाब (महामाया तालाब) में रविवार को प्रातः 7 बजे से विशेष सफाई अभियान चलाया गया। यह अभियान नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले के नेतृत्व एवं सीएमओ हेमंत वर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
साफ-सफाई अभियान में तालाब की जलधारा में उगे जलीय पौधों को हटाया गया, घाटों की सफाई की गई तथा समीपवर्ती मां महामाया मंदिर परिसर को भी स्वच्छ बनाया गया। धार्मिक आस्था के इस स्थल को स्वच्छ एवं रमणीय बनाए रखने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सफाई मित्रों और नागरिकों ने मिलकर अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।
नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले ने कहा कि पाटन, छत्तीसगढ़ का पहला ODF (Open Defecation Free) नगर है और 2016 से लगातार स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त करता आ रहा है। हाल ही में दिनांक 17 जुलाई 2025 को दिल्ली में आयोजित “स्वच्छता सर्वेक्षण-2025” में पाटन नगर पंचायत को देशभर में द्वितीय स्थान का पुरस्कार मिला, जो पाटन की जनता के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा, “स्वच्छ और सुंदर पाटन हम सबकी साझा जिम्मेदारी है। नगर की स्वच्छता में प्रत्येक नागरिक को अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।”
सीएमओ हेमंत वर्मा ने अभियान को सफल बनाने में सहभागी सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पाटन की जनता जागरूक है और सफाई मित्रों का कार्य सराहनीय है। नगरवासियों और कर्मचारियों के सहयोग से पाटन नगर पंचायत निरंतर उत्कृष्टता की ओर अग्रसर है।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष निशा सोनी, सभापति केवल देवांगन, पार्षद जितेन्द्र निर्मलकर, देवेंद्र ठाकुर, चंद्रप्रकाश देवांगन, अन्नपूर्णा पटेल, स्वच्छता प्रभारी हुकुम देवांगन, नगर पंचायत कर्मचारी, सफाई मित्र, भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं नगरवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।