महिला का आरोप- पति और सास-ससुर धर्म परिवर्तन के लिए बना रहे थे दबाव: इनकार पर लात-घूंसों से पीटा, जान से मारने की धमकी देने का आरोप; FIR दर्ज

रायपुर। राजधानी रायपुर में एक महिला ने अपने पति, सास और ससुर पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और इनकार करने पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता तन्नू पटेल (26) के मुताबिक, वर्ष 2023 में उसकी शादी विनीत सुता से हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के बाद वह अपने पति और सास-ससुर के साथ तेलीबांधा के सतनामी पारा में रहने लगी। महिला का आरोप है कि पति विनीत, सास निवेदिता और ससुर अजय उस पर लगातार ईसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव बनाते थे।

खाना खाते समय फिर धर्म परिवर्तन की बात कहने का आरोप

महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 27 सितंबर की रात करीब 8 बजे परिवार के सभी सदस्य साथ में खाना खा रहे थे। इसी दौरान उससे धर्म परिवर्तन करने के लिए कहा गया। तन्नू के मुताबिक, उसने धर्म बदलने से इनकार किया तो पति, सास और ससुर ने उसके साथ कथित तौर पर लात-घूंसों से मारपीट की। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान उसे जान से मारने की धमकी दी गई।

ससुर पर शादी को लेकर गंभीर आरोप

शिकायत में तन्नू ने आरोप लगाया कि उसके ससुर अजय सुता ने उससे कहा कि उसके बेटे की शादी उससे धर्म परिवर्तन करवाने के उद्देश्य से कराई गई थी। महिला के अनुसार, इस दौरान पति और सास कथित तौर पर हंस रहे थे। उसने आरोप लगाया कि धर्म परिवर्तन से इनकार करने पर उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।

घटना के बाद भाई और परिचितों को दी जानकारी

महिला ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद उसने अपने भाई ललित पटेल, बड़ी बहन संगीता पटेल और परिचित भूषण साहू व योगेश सैनी को घटना की जानकारी दी। इसके बाद वह बजरंग दल के सदस्यों के साथ तेलीबांधा थाने पहुंची और पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू की

तेलीबांधा थाना पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर उसके पति, सास और ससुर के खिलाफ FIR दर्ज की है। थाना प्रभारी अजय झा के मुताबिक मामले में आरोपियों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी दी गई है। पुलिस अब महिला के आरोपों, घटना से जुड़े तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच कर रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि किन तथ्यों और साक्ष्यों से होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *