जामगांव आर में 2 अक्टूबर को ‘No UPI Day’, व्यापारी संगठन करेगा ₹2,000 से अधिक के UPI लेन-देन पर लागू MDR के विरोध में प्रदर्शन

व्यापारियों की अपील—एक दिन UPI से भुगतान स्वीकार नहीं करेंगे, नकद अथवा अन्य वैध माध्यम अपनाने का आग्रह

जामगांव आर। व्यापारी संगठन जामगांव आर ने 2 अक्टूबर 2026 को “No UPI Day” के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। संगठन का कहना है कि ₹2,000 से अधिक के व्यापारी लेन-देन पर लागू किए गए मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) को लेकर छोटे एवं मध्यम व्यापारियों में चिंता है। इसी के विरोध में व्यापारी एकजुट होकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराएंगे। व्यापारी संगठन ने जारी सूचना में कहा है कि 2 अक्टूबर को जामगांव आर के व्यापारी UPI के माध्यम से किसी भी राशि का भुगतान स्वीकार नहीं करेंगे। ग्राहकों से ऐसे लेन-देन के लिए संभव होने पर नकद अथवा अन्य वैध भुगतान माध्यमों का उपयोग करने की अपील की गई है।

गौरतलब है कि केंद्र सरकार के 15 सितंबर 2026 के स्पष्टीकरण के अनुसार ₹2,000 से अधिक के निर्दिष्ट P2M (Person-to-Merchant) लेन-देन पर 0.4 प्रतिशत MDR लागू है। वहीं सरकार ने स्पष्ट किया है कि MDR टैक्स नहीं है, यह भुगतान व्यवस्था से जुड़े बैंकों, भुगतान सेवा प्रदाताओं और UPI एप प्रदाताओं के बीच वितरित होने वाला शुल्क है। ₹2,000 तक के P2M लेन-देन तथा निर्धारित छोटे व्यापारियों के लिए शून्य-MDR व्यवस्था जारी है।

व्यापारी संगठन अध्यक्ष अभिषेक चंद्राकर के मुताबिक यह विरोध किसी ग्राहक के विरुद्ध नहीं है, बल्कि व्यापारियों पर पड़ने वाले अतिरिक्त भुगतान संबंधी खर्च और प्रक्रियागत जटिलताओं के विरोध में है। संगठन ने सभी दुकानदारों एवं व्यापारियों से इस अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा है कि “एकजुट व्यापारी—सशक्त व्यापार” के संदेश के साथ व्यापारी हितों की आवाज को मजबूती दी जाएगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *