जन चौपाल में गूंजी महिला की फरियाद: मुख्यमंत्री के सामने TI पर लगाए गंभीर आरोप, तत्काल जांच के निर्देश

जन चौपाल में गूंजी महिला की फरियाद: मुख्यमंत्री के सामने TI पर लगाए गंभीर आरोप, तत्काल जांच के निर्देश

छेड़छाड़ और मारपीट की शिकायत लेकर रातभर थाने में बैठी रही महिला, नहीं हुई सुनवाई का आरोप

सक्ती। सुशासन तिहार के तहत आयोजित जन चौपाल में उस समय एक संवेदनशील मामला सामने आया, जब एक महिला ने मुख्यमंत्री के समक्ष सक्ती थाना प्रभारी (टीआई) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए न्याय की गुहार लगाई। महिला ने आरोप लगाया कि छेड़छाड़ और मारपीट की शिकायत लेकर थाने पहुंचने के बावजूद उसकी शिकायत दर्ज नहीं की गई और पूरी रात उसे थाने में इंतजार करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार सिरली गांव निवासी महिला ने जन चौपाल में मुख्यमंत्री को बताया कि 5 जून की रात उसके साथ छेड़छाड़ और मारपीट की घटना हुई थी। न्याय की उम्मीद में वह सक्ती थाने पहुंची, लेकिन देर रात तक उसकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। महिला का आरोप है कि वह रात करीब 3 बजे तक थाने में बैठी रही, इसके बावजूद पुलिस ने उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया। ठठारी गांव में आयोजित जन चौपाल के दौरान महिला ने मुख्यमंत्री के सामने पूरी घटना का उल्लेख करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। महिला की शिकायत सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने संक्षिप्त प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “ठीक है, दिखवाएंगे।” इसके साथ ही उन्होंने पूरे प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब लोगों की नजर जांच रिपोर्ट और प्रशासन द्वारा की जाने वाली आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है। यदि महिला के आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की संभावना भी जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *