दुर्ग। तुलसी पैलेस, धनोरा में जीविका स्वयं सहायता समूह एवं हमर हटरी परिवार के तत्वाधान में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस एवं महिला सम्मान समारोह बड़े ही उत्साह और धूमधाम से आयोजित किया गया। इस अवसर पर दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत नारी शक्ति के सम्मान एवं वंदन के साथ हुई, जहां विधायक ललित चंद्राकर ने सभी महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस एवं नवरात्रि पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि “नारी का सम्मान जहां होता है, वहीं संस्कृति का उत्थान होता है।”अपने उद्बोधन में विधायक चंद्राकर ने नारी शक्ति की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक शिक्षित महिला न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे समाज को शिक्षित और संस्कारित बनाती है। उन्होंने अपने जीवन में माता एवं परिवार की महिलाओं से मिले संस्कारों को साझा करते हुए कहा कि मां बच्चे की प्रथम शिक्षिका होती है और अच्छे संस्कार ही समाज को सशक्त बनाते हैं।
उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन में माता जीजाबाई के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि हर सफल व्यक्ति के पीछे नारी शक्ति का महत्वपूर्ण योगदान होता है।
विधायक चंद्राकर ने प्रदेश सरकार की “महतारी वंदन योजना” का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए हर माह ₹1000 की सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे मातृशक्ति का आत्मविश्वास और सम्मान दोनों बढ़ रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि आज महिलाएं स्व सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। अब महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं — चाहे वह व्यवसाय हो या तकनीकी क्षेत्र, यहां तक कि ड्रोन संचालन में भी महिलाएं अपनी भागीदारी निभा रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया, जिससे उपस्थित महिलाओं में उत्साह और प्रेरणा का संचार हुआ।
इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री रामशिला साहू, पद्मश्री उषा बारले, उतई मंडल अध्यक्ष शीतल ठाकुर, सरपंच रूलेश्वरी बंजारे, ललेश्वरी साहू, यमुना साहू, पार्षद सरिता चंद्राकर, रुक्मणी चतुर्वेदी, पीयूष श्रीवास्तव, भाजपा मंडल अध्यक्ष कौशल साहू सहित बड़ी संख्या में नारी शक्ति उपस्थित रही।