रायपुर। देश की जनगणना प्रक्रिया में इस बार बड़ा बदलाव होने जा रहा है। पहली बार नागरिकों को ‘सेल्फ मोड’ के जरिए घर बैठे अपनी और अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने की सुविधा दी जा रही है। केंद्र सरकार द्वारा शुरू की जा रही इस डिजिटल व्यवस्था के तहत लोग 16 से 30 अप्रैल तक जनगणना पोर्टल पर स्वयं विवरण भर सकेंगे। प्रशासन के अनुसार, निर्धारित अवधि में नागरिक censusindia.gov.in पोर्टल या मोबाइल एप के माध्यम से लॉगिन कर अपनी पारिवारिक जानकारी दर्ज कर पाएंगे। इसके बाद 1 मई से घर-घर जाकर कर्मचारियों द्वारा दर्ज जानकारी का सत्यापन किया जाएगा, जो 31 मई तक पूरा होगा।
हर सदस्य की विस्तृत जानकारी होगी दर्ज
इस बार जनगणना में परिवार के सदस्यों की संख्या के साथ उनकी शिक्षा, व्यवसाय, आयु और चल-अचल संपत्ति तक का विवरण लिया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि इससे देश की सामाजिक-आर्थिक स्थिति का अधिक सटीक आंकलन हो सकेगा।
दो चरणों में पूरी होगी प्रक्रिया
जनगणना का पहला चरण अप्रैल और मई 2026 में पूरा किया जाएगा, जबकि दूसरा और अंतिम चरण 1 से 28 फरवरी 2027 तक चलेगा। इस दौरान प्रत्येक परिवार के सभी सदस्यों का विस्तृत डेटा एकत्र कर ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा।
छोटे-छोटे ब्लॉकों में बांटा गया क्षेत्र
जनगणना को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए पूरे जिले को हाउस लिस्ट ब्लॉक (एचएलबी) में विभाजित किया गया है। प्रत्येक ब्लॉक में औसतन 150 से 200 घर शामिल किए गए हैं, जिससे कर्मचारियों को गणना कार्य में आसानी होगी।
ऐसे करें सेल्फ मोड में रजिस्ट्रेशन
जनगणना पोर्टल या एप पर जाकर मोबाइल नंबर और आधार के जरिए पंजीकरण करना होगा। इसके बाद मकान की स्थिति, परिवार के सदस्यों की जानकारी, शिक्षा, व्यवसाय और अन्य विवरण भरने होंगे। फॉर्म सबमिट करने पर एक यूनिक रेफरेंस आईडी मिलेगी, जिसे सत्यापन के समय दिखाना अनिवार्य होगा।
गलत जानकारी देने पर हो सकती है परेशानी
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि सभी जानकारी सही और पूर्ण रूप से दर्ज करें। गलत या अधूरी जानकारी देने पर भविष्य में सरकारी योजनाओं का लाभ लेने या अन्य कानूनी प्रक्रियाओं में कठिनाई आ सकती है।
असिस्टेंट डायरेक्टर जनगणना निदेशालय प्रदीप साव ने बताया कि डिजिटल व्यवस्था से उन परिवारों की जानकारी भी दर्ज हो सकेगी, जो अक्सर सर्वे के दौरान घर पर नहीं मिलते। इससे जनगणना प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनेगी।