ऑनलाइन आईपीआर एवं लीव मैनेजमेंट प्रक्रिया पर जामगांव (आर) महाविद्यालय में कार्यशाला आयोजित

जामगांव (आर)। शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय जामगांव (आर) में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल की अध्यक्षता में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए आईपीआर (IPR) एवं लीव मैनेजमेंट प्रणाली से संबंधित कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य उच्च शिक्षा विभाग द्वारा संचालित ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आईपीआर भरने तथा वर्ष भर ली जाने वाली विभिन्न प्रकार की छुट्टियों के ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया से अवगत कराना था।
इस अवसर पर छात्रवृत्ति प्रभारी श्री आर. डी. भूआर्य ने उच्च शिक्षा विभाग के ऑनलाइन आईपीआर पोर्टल के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बताया कि किस प्रकार पोर्टल पर लॉगिन कर अपनी वार्षिक संपत्ति विवरण (IPR) की जानकारी दर्ज कर निर्धारित समय-सीमा में ऑनलाइन प्रस्तुत करना है।
इसके साथ ही उन्होंने वर्ष भर ली जा सकने वाली विभिन्न प्रकार की छुट्टियों के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से समझाया तथा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और कार्यशाला को अत्यंत उपयोगी बताया। प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने इस प्रकार की कार्यशालाओं को प्रशासनिक कार्यों को सुगम बनाने के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए सभी को ऑनलाइन प्रणाली का प्रभावी उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *