नारायणपुर (घुघुवा क) में महायज्ञ के साथ 17 वर्षीय रोहन कृष्ण महाराज की देवी भागवत कथा बना रही श्रद्धालुओं को भावविभोर

पाटन। क्षेत्र के ग्राम नारायणपुर (घुघुवा क) में श्री मंगल मूर्ति मारुती यज्ञ सेवा समिति एवं समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से नव दिवसीय श्री मन्मानस महायज्ञ एवं श्रीमद् देवी भागवत कथा का आयोजन 7 से 16 मार्च 2026 तक श्रद्धा और भक्ति के साथ किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर यज्ञ और कथा का लाभ ले रहे हैं। महायज्ञ में यज्ञाचार्य बिरेंद्र शर्मा (नेवनारा, बेरला) एवं अन्य सहायक आचार्यों की उपस्थिति में मुख्य यजमान कमलनारायण शर्मा तथा उनकी धर्मपत्नी नीता शर्मा द्वारा प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक विधि-विधान से यज्ञ में आहुतियां दी जा रही हैं। इस दौरान श्रद्धालु पवित्र यज्ञ स्थल की परिक्रमा कर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।
इसके पश्चात प्रतिदिन दोपहर 2:30 बजे से संध्या 6:30 बजे तक मात्र 17 वर्षीय कथा वाचक आचार्य रोहन कृष्ण शर्मा (ग्राम सर्वा, जिला बलौदा बाजार) द्वारा श्रीमद् देवी भागवत पुराण कथा का वाचन किया जा रहा है, जो इस आयोजन का विशेष आकर्षण बना हुआ है। बाल्यकाल से ही कथा वाचन कर रहे रोहन कृष्ण महाराज अपने ओजस्वी प्रवचनों से श्रद्धालुओं को देवी भक्ति, धर्म और सदाचार का संदेश दे रहे हैं। कथा के दौरान वे छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध देवी जस गीत, भजन और आरती को संगीतमय शैली में प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना देते हैं।

आयोजन के अंतर्गत 12 मार्च की रात्रि 8 बजे से छालीवुड स्टार “जय शीतला मईया” फेम लिलेश्वर सिन्हा की भजन आर्केस्ट्रा की विशेष आकर्षक प्रस्तुति भी होगी, जिसे लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में उत्साह देखा जा रहा है। आयोजक श्री मंगल मूर्ति मारुती यज्ञ सेवा समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पावन धार्मिक आयोजन में भाग लेने तथा यथाशक्ति तन, मन और धन से सहयोग प्रदान कर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *