रायपुर। सी.एस.ई.बी. क्लब कोरबा में आयोजित राज्य स्तरीय योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2025 का समापन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें दुर्ग जिले के 20 खिलाड़ियों ने भी अपने उत्कृष्ट योग कौशल का प्रदर्शन करते हुए कई पदक अर्जित किए।
चैंपियनशिप के मुख्य अतिथि वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन रहे। समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने योग को खेल के साथ-साथ जीवन शैली का अभिन्न हिस्सा बताते हुए इसके प्रचार-प्रसार की आवश्यकता पर बल दिया। प्रतियोगिता ने यह सिद्ध किया कि छत्तीसगढ़ के युवाओं में योग के प्रति उत्साह दिन-प्रतिदिन बढ़ रहा है और वे राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करने में सक्षम हैं।।कार्यक्रम में नगर निगम कोरबा के अध्यक्ष संजू राजपूत, आयुक्त आशुतोष पाण्डे, छत्तीसगढ़ योगासना स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष गोस्वामी जयंत विष्णु भारती, सचिव डॉ. मेजर सिंह, एवं छत्तीसगढ़ योग एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेन्द्र विशी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और योग को जन-जन तक पहुँचाने के प्रयासों की सराहना की।
दुर्ग जिले के प्रतिभागियों का शानदार प्रदर्शन
प्रतियोगिता में दुर्ग जिले के प्रतिभागियों ने विभिन्न आयु वर्गों में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की:
10 से 14 वर्ष आयु वर्ग में
श्री ऋषि ने ट्विस्टिंग इवेंट में तृतीय स्थान,
प्रसिद्धि व चर्बी चार्वी ने रिदमिक इवेंट में द्वितीय स्थान,
जीविका जैन ने रिदमिक इवेंट में तृतीय स्थान प्राप्त किया।
14 से 18 वर्ष आयु वर्ग में
आशिता सोनी ने फॉरवर्ड बेडिंग में प्रथम स्थान,
साक्षी द्विवेदी ने ट्रेडिशनल इवेंट में प्रथम तथा आर्टिस्टिक सिंगल में तृतीय स्थान हासिल किया।
18 से 28 वर्ष आयु वर्ग में
भूमिका साहू ने हैंड बैलेंस व फॉरवर्ड बेडिंग दोनों में तृतीय स्थान प्राप्त किया।
28 से 35 वर्ष आयु वर्ग में
सुभद्रा देवी ने ट्रेडिशनल व ट्विस्टिंग दोनों इवेंट में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
45 से 55 वर्ष आयु वर्ग में
लता साहू ने ट्विस्टिंग में प्रथम स्थान और ट्रेडिशनल इवेंट में तृतीय स्थान प्राप्त किया।
निर्णायक मंडल और सहयोगी दल का योगदान सराहनीय
चैंपियनशिप के सफल आयोजन में निर्णायक मंडल के रूप में भोजेंद्र कुमार साहू, हितेश तिवारी एवं डोमेंद्र देवांगन का योगदान विशेष रहा। दुर्ग जिले की टीम का नेतृत्व कोच टिकेश्वरी साहू, मैनेजर धीरेन्द्र कुमार वर्मा, तथा जज तिजउ राम साहू, मोनिका साहू एवं ओमप्रकाश चंद्रवंशी ने किया।