जामगांव आर। शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय, जामगांव आर में सत्र 2025-26 के लिए स्नातक स्तर पर नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत हेतु दीक्षारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने की, वहीं मुख्य अतिथि के रूप में जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष नरेश केला तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम जामगांव आर के सरपंच रूपेंद्र शुक्ला उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत परंपरागत रूप से सीनियर विद्यार्थियों द्वारा नवागंतुकों का तिलक व पुष्पगुच्छ से आत्मीय स्वागत कर की गई। मुख्य अतिथियों का स्वागत प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल, राष्ट्रीय शिक्षा नीति प्रभारी डॉ. अरुणेंद्र तिवारी और स्थापना प्रभारी श्री पी.एम. शर्मा द्वारा किया गया। प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन और चरित्र निर्माण की प्रेरणा देते हुए कहा कि यह छोटा महाविद्यालय शिक्षा की गुणवत्ता के माध्यम से अपनी अलग पहचान बना सकता है।
जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष नरेश केला ने शिक्षकों को बधाई देते हुए विद्यार्थियों से ईमानदारी व तन्मयता से मेहनत करने का आह्वान किया। ग्राम सरपंच रूपेंद्र शुक्ला ने शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और चरित्र निर्माण के महत्व पर बल दिया तथा छात्राओं की बढ़ती संख्या को समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा बताया।
NEP प्रभारी डॉ. अरुणेंद्र तिवारी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत विषय संरचना, विकल्पों एवं सेमेस्टर प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। रा.से.यो. प्रभारी श्रीमती चेतना सोनी ने राष्ट्रीय सेवा योजना के सामाजिक महत्व व लाभों से विद्यार्थियों को परिचित कराया।
पुस्तकालय प्रभारी श्री मुकेश कठोतिया ने पुस्तकालय की नियमावली और पुस्तकों के रख-रखाव के तौर-तरीकों को सरल भाषा में समझाया।
सभी संकाय प्रमुखों ने अपने-अपने विषयों के महत्व और करियर की दृष्टि से उपयोगिता पर प्रकाश डाला, जिससे विद्यार्थियों को विषय चयन में सहायता मिली।कार्यक्रम का संचालन डॉ. नरेशधर दीवान द्वारा प्रभावशाली ढंग से किया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उनके प्रश्नों का उत्तर अतिथियों एवं शिक्षकों द्वारा दिया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त शिक्षकगण, अधिकारी एवं कर्मचारीगण की सक्रिय सहभागिता रही।