पाटन। पाटन विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भनसुली(के) निवासी योगेंद्र निर्मल ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा परीक्षा 2024 में 32वां रैंक प्राप्त कर नायब तहसीलदार पद हासिल किया है। किसान परिवार से आने वाले योगेंद्र बचपन से ही मेधावी रहे हैं और सामाजिक व शैक्षणिक गतिविधियों में निरंतर सक्रिय रहे हैं। उनका परिवार गायत्री परिवार से जुड़कर आध्यात्मिक जनजागरण में सेवा कार्य करता रहा है।
इंजीनियरिंग के बाद योगेंद्र ने वर्ष 2019 से CGPSC की तैयारी प्रारंभ की थी। सेन्ट्रल लाइब्रेरी रायपुर में नियमित अध्ययन कर रहे योगेंद्र का यह पांचवां प्रयास था। इससे पहले उन्होंने वर्ष 2023 में 114वीं रैंक के साथ सहकारिता निरीक्षक पद पर चयनित होकर सफलता अर्जित की थी।गांव आगमन पर ग्रामवासियों ने ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक उत्साह के साथ उनका भव्य स्वागत किया। ग्राम भ्रमण के दौरान चारों ओर हर्षोल्लास का माहौल दिखाई दिया।
पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं विधायक प्रतिनिधि अशोक साहू ने योगेंद्र को सम्मानित करते हुए कहा—“पाटन विधानसभा क्षेत्र के मेरे गांव और परिवारिक सदस्य योगेंद्र निर्मल द्वारा CGPSC 2024 में 32वीं रैंक प्राप्त कर नायब तहसीलदार पद हासिल करना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। आपकी उपलब्धि युवा परीक्षार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
जनपद सदस्य दिनेश साहू एवं सरपंच भगवती मुकेश साहू ने भी इसे ग्राम के लिए “ऐतिहासिक क्षण” बताते हुए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। इस दौरान टुकेश निर्मल, गैंदलाल डहरिया, डॉ. के.के. साहू, नीलमणि साहू, रामनारायण साहू, पद्मभूषण साहू, विनोद साहू, अजय निर्मल, महेश साहू, देवेंद्र साहू, मानसिंह मंडल सहित अनेक सम्मानित ग्रामीण एवं सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।