दुकान बंद होने पर लौटा दिया था युवक को, देर रात लोहे की रॉड से हमला कर ली जान — पुलिस ने आरोपी भींगराज बघेल को कुछ घंटों में किया गिरफ्तार
रायपुर। राजधानी रायपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शराब नहीं मिलने से नाराज युवक ने सरकारी अंग्रेजी शराब दुकान के गार्ड की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना शुक्रवार देर रात खम्हारडीह थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार आरोपी युवक रात में शराब खरीदने दुकान पहुंचा था, लेकिन उस समय दुकान बंद थी। ड्यूटी पर तैनात गार्ड संदीप पटेल ने उसे लौटा दिया और बताया कि अब शराब नहीं दी जा सकती। इससे नाराज युवक ने मौके पर विवाद किया और वहां से चला गया। लेकिन कुछ देर बाद, रात करीब 11:30 बजे, आरोपी दोबारा लोहे की रॉड लेकर दुकान पहुंचा और गार्ड संदीप पटेल पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गार्ड की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही खम्हारडीह पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी भींगराज बघेल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की आगे जांच जारी है।