भिलाई में शराब दुकान के खिलाफ बवाल : युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस से झड़प, हटाने की चेतावनी

दुर्ग-भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) टाउनशिप के सेक्टर-6 ए मार्केट में नई शराब दुकान खोलने के विरोध में शुक्रवार को युवा कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने दुकान में तालाबंदी का प्रयास किया, जिसे रोकने के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार, शाम करीब 7 बजे युवा कांग्रेस कार्यकर्ता शराब दुकान बंद कराने के उद्देश्य से मौके पर पहुंचे थे। उनकी योजना दुकान में ताला जड़कर विरोध दर्ज कराने की थी, लेकिन पहले से तैनात भारी पुलिस बल ने उन्हें दुकान तक पहुंचने से रोक दिया। इसके बाद आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पर ही ताला लगाकर विरोध जताया और BSP प्रबंधन व सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान पुतला दहन का भी प्रयास किया गया।

युवा कांग्रेस नेता के. प्रशांत कुमार ने भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) प्रबंधन और भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राजस्व की लालसा में जनहित की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भीड़भाड़ वाले बाजार, जहां महिलाएं, बच्चे और परिवार बड़ी संख्या में आते हैं, वहां शराब दुकान खोलना असुरक्षा को बढ़ावा देना है। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि स्थानीय व्यापारी भी इस निर्णय के खिलाफ हैं। सेक्टर-6 ए मार्केट में कपड़ा, मेडिकल, पुस्तक और दैनिक जरूरतों की कई दुकानें संचालित होती हैं। ऐसे में यहां शराब दुकान खुलने से सामाजिक माहौल बिगड़ने और अपराध बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अब तक शांत और पारिवारिक माहौल वाला यह बाजार विवादों के केंद्र में आ गया है। इससे पहले खुर्सीपार स्टेडियम के पास शराब दुकान खोलने को लेकर भी विरोध हुआ था, और अब सेक्टर-6 ए में इस फैसले ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। युवा कांग्रेस ने सरकार पर आबादी वाले क्षेत्रों में सुनियोजित तरीके से शराब दुकानें खोलने का आरोप लगाया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि सेक्टर-6 ए मार्केट से शराब दुकान नहीं हटाई गई, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *