सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में अवैध कोयला खनन एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है। लखनपुर थाना क्षेत्र के अमेरा खदान इलाके में मिट्टी धंसने से एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम लोसंगी निवासी भाकु के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अमेरा खदान क्षेत्र में लंबे समय से अवैध तरीके से कोयला उत्खनन जारी है। यहां 70 से 80 फीट गहरे खतरनाक गड्ढों में उतरकर ग्रामीणों से कोयला निकलवाया जाता है। इन असुरक्षित सुरंगनुमा गड्ढों में जरा सी चूक भी जानलेवा साबित हो सकती है। घटना के समय भाकु भी ऐसे ही एक गड्ढे में कोयला निकाल रहा था, तभी अचानक मिट्टी धंस गई और वह उसमें दब गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में कोयला तस्करों का नेटवर्क सक्रिय है, जो ग्रामीणों को लालच या मजबूरी में जान जोखिम में डालकर अवैध खनन करवाते हैं। रोजाना सैकड़ों मोटरसाइकिलों के जरिए यहां से कोयला निकालकर आसपास के ईंट भट्टों और होटलों में खपाया जाता है। लखनपुर क्षेत्र के गमला भट्ठा और चिमनी भट्ठा सहित कई जगहों पर इस अवैध कोयले की सप्लाई की जा रही है।
हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन को इस पूरे खेल की जानकारी होने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती। लगातार हो रहे ऐसे हादसे प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।