अकतई में विकासखंड स्तरीय 10 दिवसीय प्रशिक्षण से मछुआ भाइयों को मिला आत्मनिर्भरता का मंत्र, 48 हितग्राहियों को आइस बॉक्स, जाल एवं धागे वितरित

अकतई में विकासखंड स्तरीय 10 दिवसीय प्रशिक्षण से मछुआ भाइयों को मिला आत्मनिर्भरता का मंत्र, 48 हितग्राहियों को आइस बॉक्स, जाल एवं धागे वितरित

जामगांव आर। मछुआ समुदाय को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से मत्स्य पालन विभाग द्वारा ग्राम पंचायत अकतई में आयोजित 10 दिवसीय विकासखंड स्तरीय प्रशिक्षण शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर में अंचल के मछुआ किसानों ने सहभागिता कर मत्स्य पालन की आधुनिक तकनीकों, सरकारी योजनाओं और व्यवसाय को उन्नत बनाने के विभिन्न तरीकों की जानकारी प्राप्त की। प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के सदस्य नेतराम निषाद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत पाटन के कृषि स्थायी समिति सभापति रवि सिन्हा ने की। इस अवसर पर सहकारिता समिति के सभापति खेमलाल देशलहरे, ग्राम पंचायत अकतई की सरपंच माधुरी नरोत्तम निषाद सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस मौके पर मुख्य अतिथि नेतराम निषाद ने मछुआ समुदाय के कल्याण एवं आर्थिक सशक्तीकरण के लिए केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि मछुआ भाई शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर अपने पारंपरिक व्यवसाय को आधुनिक स्वरूप दे सकते हैं। मत्स्य पालन में नई तकनीकों को अपनाकर उत्पादन और आय दोनों में वृद्धि की जा सकती है। उन्होंने प्रशिक्षण में मिली जानकारी को व्यवहार में लाने तथा योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की। जनपद सभापति रवि सिन्हा ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम मछुआ किसानों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने के साथ उनके व्यवसाय को आगे बढ़ाने में सहायक हैं। शासन की योजनाओं का सही उपयोग कर मछुआ समुदाय अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकता है।

10 दिनों तक दी गई योजनाओं और तकनीकों की जानकारी

मत्स्य विभाग के अधिकारी कमलेश कुमार यादव ने प्रशिक्षणार्थियों को दस दिनों तक मत्स्य पालन से संबंधित विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया। इसमें निजी भूमि पर शासन की योजना के तहत तालाब निर्माण, मछुआ जीवन बीमा, जाल बनाने सहित मत्स्य पालन और व्यवसाय से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।

48 मछुआ भाइयों को सामग्री का वितरण

समापन समारोह में 48 मछुआ भाइयों को मत्स्य व्यवसाय में उपयोगी आइस बॉक्स, मछली पकड़ने के जाल एवं धागे का वितरण किया गया। इससे मछुआ किसानों को अपने पारंपरिक व्यवसाय को बेहतर तरीके से संचालित करने में मदद मिलने की उम्मीद है। इस अवसर पर सरपंच माधुरी नरोत्तम निषाद, उपसरपंच दीपा मार्कण्डेय, पंच पीताम्बर मार्कण्डेय, देवेंद्र साहू, जीधन साहू एवं बुधियारिन बाई सहित नरोत्तम निषाद, दिनेश चंद्राकर, जमरू निषाद, मोतीराम धर्मगुड़ी, हीरालाल, चेतनलाल, तुलसीराम सपहा, संतोष निषाद, राकेश्वर निषाद, विनोद कुमार, छत्रपाल निषाद, रामचंद्र निषाद, डोमनलाल, परमेश्वर निषाद, सुखनंदन निषाद सहित बड़ी संख्या में मछुआ भाई एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *