
रायपुर /अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में अग्रवाल समाज की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को बड़ी घोषणा की। अंबिकापुर में आयोजित अग्र महाकुंभ सम्मेलन के मंच से मुख्यमंत्री ने अग्रसेन जयंती के अवसर पर प्रदेश में सरकारी अवकाश घोषित करने की बात कही। मुख्यमंत्री की इस घोषणा के बाद सम्मेलन में मौजूद अग्रवाल समाज के प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने इसका स्वागत किया। अंबिकापुर के होटल ग्रैंड वसंत में आयोजित दो दिवसीय अग्र महाकुंभ में प्रदेशभर से समाज के प्रतिनिधि शामिल हुए हैं।
मंच से CM साय ने किया ऐलान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को अग्र महाकुंभ सम्मेलन में शामिल हुए। इसी दौरान उन्होंने अग्रसेन जयंती के दिन सरकारी अवकाश की घोषणा की। सम्मेलन में मौजूद समाज के लोगों ने घोषणा का स्वागत किया।
अग्रवाल समाज के योगदान का किया उल्लेख
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के सामाजिक और आर्थिक विकास में अग्रवाल समाज के योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने शिक्षा, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों के क्षेत्र में समाज की भूमिका की सराहना की तथा सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन को रेखांकित किया।
अग्र महाकुंभ में जुटे समाज के प्रतिनिधि
अंबिकापुर में आयोजित दो दिवसीय अग्र महाकुंभ के साथ दशम अग्र अलंकरण समारोह भी आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं और व्यक्तियों का सम्मान किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के अलावा कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल, अमर अग्रवाल और सांसद चिंतामणि महाराज सहित बड़ी संख्या में अग्रवाल समाज के प्रतिनिधि एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।