एकलव्य हॉस्टल में 10वीं के छात्र की मौत से मचा हड़कंप, फंदे पर मिली लाश; तीनों विधायकों ने उठाए सवाल, न्यायिक जांच की मांग

एकलव्य हॉस्टल में 10वीं के छात्र की मौत से मचा हड़कंप, फंदे पर मिली लाश; तीनों विधायकों ने उठाए सवाल, न्यायिक जांच की मांग

बालोद, 14 सितंबर 2026। डौंडी स्थित आदर्श एकलव्य आवासीय विद्यालय के हॉस्टल में 10वीं कक्षा के छात्र विनय कुमार की फंदे पर लाश मिलने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले को लेकर जिले के तीनों विधायकों ने घटना को प्रथम दृष्टया संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष न्यायिक जांच की मांग की है। रविवार को तीनों विधायक मृतक छात्र के गांव रीवागहन पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। बताया गया कि घटना के समय हॉस्टल के अन्य छात्र सुबह पीटी के लिए मैदान गए थे। इसी दौरान विनय का शव हॉस्टल में फंदे पर मिला। छात्र की मौत के बाद हॉस्टल की सुरक्षा, निगरानी और प्रबंधन की व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है।

परिजनों ने विधायकों को बताया कि विनय किसी मानसिक तनाव में नहीं था। घटना से कुछ समय पहले ही उसने अपने पिता से 10वीं के बाद विषय चयन और करियर को लेकर सकारात्मक बातचीत की थी। ऐसे में परिजनों ने घटना की परिस्थितियों पर संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। डौंडीलोहारा विधायक एवं पूर्व मंत्री अनिला भेड़िया, गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद और संजारी बालोद विधायक संगीता सिन्हा ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। विधायकों ने हॉस्टल प्रबंधन की भूमिका और सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच कराने की बात कही।

विधायक कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि वे मामले की जांच के लिए विधानसभा में विशेष समिति गठित कराने को लेकर नेता प्रतिपक्ष और विधानसभा अध्यक्ष से चर्चा करेंगे। वहीं विधायक संगीता सिन्हा और अनिला भेड़िया ने शासन स्तर पर पत्र लिखकर हॉस्टल प्रबंधन की जवाबदेही तय करने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने की बात कही। फिलहाल छात्र की मौत की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस और प्रशासन की जांच में घटना से जुड़े सभी पहलुओं को सामने लाने की मांग तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *