BREAKING NEWS: दुर्ग में खनिज विभाग का आरक्षक गिरफ्तार, छोटे भाई की पत्नी ने लगाया गलत नीयत का आरोप; कोर्ट से मिली जमानत

BREAKING NEWS: दुर्ग में खनिज विभाग का आरक्षक गिरफ्तार, छोटे भाई की पत्नी ने लगाया गलत नीयत का आरोप; कोर्ट से मिली जमानत

दुर्ग-भिलाई। दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। पारिवारिक विवाद के बीच छोटे भाई की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने खनिज विभाग के आरक्षक मनीष सेन (35) को गिरफ्तार किया है। महिला ने अपने जेठ पर गलत नीयत रखने का आरोप लगाया था। पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद बीएनएस की धारा 74 के तहत मामला दर्ज किया। हालांकि, न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को जमानत मिल गई।

पहले दहेज प्रताड़ना की शिकायत, फिर जेठ पर आरोप

पुलिस के मुताबिक, महिला की शादी करीब पांच साल पहले हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते महिला ने करीब दो दिन पहले अपने पति, सास, ससुर और जेठ के खिलाफ महिला थाने में दहेज प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने इस शिकायत पर धारा 498ए के तहत मामला दर्ज किया था। इसके दो दिन बाद महिला ने पुलिस को एक और शिकायत दी। इसमें उसने अपने जेठ मनीष सेन पर गलत नीयत रखने का आरोप लगाया। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ महिला संबंधी अपराध की धारा के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

दुर्ग कलेक्ट्रेट के खनिज विभाग में पदस्थ है मनीष सेन

आरोपी मनीष सेन दुर्ग कलेक्ट्रेट स्थित खनिज विभाग में आरक्षक के पद पर पदस्थ है। पुलिस के अनुसार, वह अपने भाई और शिकायतकर्ता महिला से अलग रहता है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जमानत दे दी गई। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

पारिवारिक विवाद के पहलू की भी जांच

पुलिस जांच में महिला और आरोपी के बीच पारिवारिक विवाद से जुड़े घटनाक्रम को भी शामिल किया जा रहा है। दोनों पक्षों की शिकायतों और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

नोट: महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के अधीन है। आरोपी को न्यायालय से जमानत मिल चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *