मुख्यमंत्री से मुलाकात में मिला सम्मान, बोले—संजू की उपलब्धि ने प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया; गांव-शहर के खिलाड़ियों को मिलेगी नई प्रेरणा
रायपुर। एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य और छत्तीसगढ़ की बेटी संजू देवी ने मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए 51 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि संजू देवी ने अपने उत्कृष्ट खेल, कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प से अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ और देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और राज्य सरकार का प्रयास है कि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और प्रोत्साहन उपलब्ध कराया जाए।
मुख्यमंत्री ने संजू देवी से एशियन गेम्स के अनुभवों और भारतीय टीम के प्रदर्शन को लेकर आत्मीय बातचीत भी की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी की उपलब्धि केवल उसकी व्यक्तिगत सफलता नहीं होती, बल्कि इससे हजारों युवाओं के सपनों को नई दिशा मिलती है। संजू देवी की सफलता गांवों और छोटे शहरों में खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देखने वाले बच्चों और युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ाएगी। उल्लेखनीय है कि जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 की महिला कबड्डी स्पर्धा के फाइनल में भारतीय टीम ने ईरान को पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की संजू देवी ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। दूरस्थ अंचलों से निकलने वाली प्रतिभाओं को अपनी क्षमता निखारने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। संजू देवी ने सम्मान एवं प्रोत्साहन के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार से मिला यह प्रोत्साहन उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।