जामगांव आर। सेवा संकल्प अभियान सत्र 2026-27 के अंतर्गत विकासखण्ड पाटन के सेजस जामगांव आर में विकासखण्ड स्तरीय चित्रकला प्रदर्शनी एवं भाषण प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विकासखण्ड के विभिन्न विद्यालयों से 105 विद्यार्थियों ने सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान करीब 80 शिक्षक एवं 16 संकुल शैक्षिक समन्वयक उपस्थित रहे, इस दौरान सभी विजेता प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को मुख्यमंत्री द्वारा प्रदत्त प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। भाषण प्रतियोगिता में पूर्व माध्यमिक शाला भरर की छात्रा कु. गुंजन साहू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं चित्रकला प्रदर्शनी में सेजस जामगांव आर की तेजल चंद्राकर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। डिघारी प्राथमिक शाला के डोमिन यादव ने द्वितीय, सेजस जामगांव आर की गेमेश्वरी ने तृतीय, विजन पब्लिक स्कूल जामगांव आर की आसिन मारकंडे ने चतुर्थ, पूर्व माध्यमिक शाला भरर की अनन्या चंद्राकर ने पंचम तथा पूर्व माध्यमिक शाला बटरेल के ज्ञानेश साहू ने छठवां स्थान प्राप्त किया। इस मौके पर सहायक विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी प्रदीप महिलांगे ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित रखना नहीं, बल्कि देशभर में बच्चों की प्रतिभा, रचनात्मकता, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रोत्साहित करना है, ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ सेवा, संस्कार, जिम्मेदारी और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने का राष्ट्रव्यापी प्रयास हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष जामगांव आर कमलेश साहू ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। ऐसे आयोजन उन्हें अपनी प्रतिभा को मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर देते हैं।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि जनपद सदस्य पाटन रामकुमार चंद्राकर ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के भारत के निर्माता हैं। उन्होंने कहा कि ज्ञान, कौशल, अनुशासन, नवाचार और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना के साथ विद्यार्थी आगे बढ़ेंगे, तभी विकसित भारत का संकल्प साकार होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का उपयोग देशहित में करने का आह्वान किया। आयोजन में भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश साहू, जनपद सदस्य रामकुमार चंद्राकर,नरेश केला अध्यक्ष शासकीय महाविद्यालय जामगांव आर, मनीष जैन सांसद प्रतिनिधि, पूर्णेन्द्र सिन्हा महामंत्री भाजपा मंडल जामगांव आर, शैलेंद्री मंडावी जिला मंत्री भाजपा, अरुण चंद्राकर अध्यक्ष शाला प्रबंधन समिति भरर सहित अन्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सेजस जामगांव आर की प्राचार्य कविता साहू के नेतृत्व एवं विशेष सहयोग का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके नेतृत्व में कार्यक्रम में शामिल छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के लिए खिचड़ी और खीर की व्यवस्था की गई, जिससे आयोजन में आत्मीय वातावरण बना रहा। वहीं आयोजन को सफल बनाने में संकुल समन्वयक सुरेश महिपाल जामगांव आर, गजलाल आगेसरा, कमलेश साहू बेल्हारी, टी.पी. यदु, संजय खिलारी रानीतराई, जैकी झाड़मोखली सहित समस्त शिक्षकों एवं सहयोगी सदस्यों का विशेष योगदान रहा।