औंधी में 6 आंगनबाड़ी केंद्रों का आंगन मिलन: अन्नप्राशन, गोद भराई से गूंजा उत्सव, बच्चों-महिलाओं ने दिखाया हुनर

औंधी में 6 आंगनबाड़ी केंद्रों का आंगन मिलन: अन्नप्राशन, गोद भराई से गूंजा उत्सव, बच्चों-महिलाओं ने दिखाया हुनर

पाटन। आंगन मिलन एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम पंचायत औंधी में महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित 6 आंगनबाड़ी केंद्रों के संयुक्त तत्वावधान में भव्य आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों, महिलाओं एवं ग्रामीण माताओं-बहनों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। आयोजन के दौरान अन्नप्राशन, गोद भराई, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तथा विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं ने उत्सव का माहौल बना दिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बाल संरक्षण बोर्ड की अध्यक्ष वर्निका शर्मा रहीं। इस दौरान नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार एवं माताओं की गोद भराई की रस्म विधिवत संपन्न कराई गई। बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और खेलकूद गतिविधियों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। महिलाओं के लिए भी विभिन्न खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों एवं महिलाओं को प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अपनी प्रतिभा को आगे भी निखारने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक ने की। उन्होंने कहा कि पोषित बचपन, सशक्त महिलाएं और संस्कारवान पीढ़ी ही समृद्ध एवं मजबूत समाज की वास्तविक पहचान हैं। आंगनबाड़ी केंद्र केवल पोषण एवं देखभाल के केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के प्रारंभिक विकास, संस्कार और भविष्य की मजबूत नींव तैयार करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और बच्चों के सर्वांगीण विकास को गांव एवं समाज की प्रगति का आधार बताया।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य नीलम राजेश चंद्राकर, महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर माधुरी वर्मा, महिला एवं बाल विकास अधिकारी यमुनेश पांडे, सरपंच, उपसरपंच एवं पंचगण सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका, हितग्राही तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण माताएं-बहनें उपस्थित रहीं। आयोजन के माध्यम से पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक बाल विकास, मातृ स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया। आंगन मिलन कार्यक्रम ने बच्चों और महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देने के साथ ही ग्रामीणों के बीच सहभागिता और सामाजिक जुड़ाव को भी मजबूत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *