
पाटन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर पंचायत पाटन के खूबचंद बघेल भवन में सेवा सेतु कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत पाटन क्षेत्र के 12 ग्रामों के ग्रामीणों सहित नगर एवं आसपास के नागरिकों ने सहभागिता की। विभिन्न विभागों ने एक ही स्थान पर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और ग्रामीणों की समस्याएं एवं आवेदन सुनकर उनके निराकरण की दिशा में कार्रवाई की। एक छत के नीचे योजनाओं की जानकारी और समस्याओं का समाधान कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने विभाग से संबंधित योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया गया। ग्रामीणों एवं नागरिकों ने अपनी समस्याएं और आवेदन संबंधित विभागों के समक्ष प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक ने की। उन्होंने कहा कि “सेवा सेतु जनसेवा का माध्यम है और इसका उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।” उन्होंने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय को प्रभावी जनसेवा की महत्वपूर्ण कड़ी बताया। कीर्ति नायक ने कहा कि सरकार की योजनाएं तभी सार्थक होती हैं, जब उनका लाभ वास्तव में उस व्यक्ति तक पहुंचे, जिसके लिए योजना बनाई गई है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ ऐसे पात्र हितग्राहियों को चिन्हित करने की आवश्यकता है, जो जानकारी या आवश्यक प्रक्रिया के अभाव में योजनाओं से वंचित हैं।
कार्यक्रम में दुर्ग जिले के कलेक्टर अभिजीत सिंह, संभाग आयुक्त राठौर, एसडीएम गुप्ता एवं तहसीलदार गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर नगर पंचायत पाटन अध्यक्ष योगेश निक्की वाले, उपाध्यक्ष निशा सोनी, सभापति नेहा बाबा वर्मा, सभापति केवलचंद देवांगन, देवेंद्र ठाकुर, जितेंद्र निर्मल, पार्षद चंद्रप्रकाश देवांगन, संगीता दुरंधर एवं अन्नपूर्णा पटेल, नगर पंचायत सीएमओ हेमंत वर्मा, जनपद पंचायत पाटन सीईओ महेंद्र जांगड़े, भाजपा प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष हर्षा चंद्राकर, पूर्व मंडल अध्यक्ष लोकमणि चंद्राकर, जनपद पंचायत सभापति खेमलाल देशलहरे, प्रणव शर्मा, नगर पंचायत एल्डरमैन प्रकाश बिजोरा एवं दामोदर चक्रधारी, बाबा वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इसके अलावा भाजपा मंडल अध्यक्ष रानी केशव बंछोर, ग्राम पंचायत तरीघाट की सरपंच चंद्रिका साहू, ग्राम सुराज की सरपंच श्रीमती बजाज सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधि और ग्रामीण भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन मोहित शर्मा ने किया।