
रायपुर। राजधानी रायपुर की डी.डी. नगर थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश के तहत कार्रवाई करते हुए 9 गैर-जमानती वारंट (NBW) के आधार पर आरोपी इमरान नवाब को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ धारा 138 के तहत चेक बाउंस से जुड़े मामलों में न्यायालय द्वारा वारंट जारी किए गए थे।
2021 के लेनदेन और चेक बाउंस से जुड़ा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला वर्ष 2021 में HDD मशीन खरीदने के नाम पर हुए कथित 39 लाख रुपये के लेनदेन और चेक बाउंस से संबंधित है। पीड़ित पक्ष ने मामले में धारा 138 के तहत न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत किया था। मामले की सुनवाई के दौरान आरोपी के न्यायालय में उपस्थित नहीं होने पर अदालत ने कड़ा रुख अपनाते हुए उसके खिलाफ 9 गैर-जमानती वारंट जारी किए थे। न्यायालय ने पुलिस को आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे।
सूचना मिलते ही पुलिस ने की कार्रवाई
न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर डी.डी. नगर थाना पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने इमरान नवाब को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को थाने लाकर गिरफ्तारी संबंधी आवश्यक कानूनी एवं कागजी कार्रवाई पूरी की जा रही है। पुलिस के अनुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। मामले में आगे की कार्रवाई न्यायालय के निर्देशानुसार की जाएगी।