
रायपुर, 24अगस्त 2026। पवित्र श्रावण मास के अवसर पर रविवार को राजधानी रायपुर भगवान भोलेनाथ की भक्ति में सराबोर नजर आई। गुढ़ियारी स्थित मारुति मंगलम परिसर में आयोजित भव्य कांवड़ यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने भगवान शिव का विधि-विधान से रुद्राभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री साय ने कांवड़ यात्रा में शामिल शिवभक्तों का उत्साहवर्धन करते हुए सभी को सावन की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद गुढ़ियारी से हजारों कांवड़िए पवित्र जल लेकर महादेव घाट स्थित भगवान हटकेश्वरनाथ महादेव के जलाभिषेक के लिए पदयात्रा पर रवाना हुए। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से यात्रा मार्ग भक्तिमय हो गया।
आस्था और भक्ति का दिखा अद्भुत संगम
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सावन भगवान शिव की आराधना और भक्ति का विशेष महीना है। कांवड़ यात्रा आस्था, भक्ति और समर्पण की अनुपम अभिव्यक्ति है। हजारों शिवभक्त कठिन यात्रा की परवाह किए बिना पवित्र जल लेकर भगवान भोलेनाथ के अभिषेक के लिए पैदल निकलते हैं। उन्होंने कहा कि शिवभक्तों के जयघोष और श्रद्धा से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का उत्सव भी है।
हटकेश्वरनाथ महादेव का विशेष धार्मिक महत्व
मुख्यमंत्री ने महादेव घाट स्थित भगवान हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि यह छत्तीसगढ़ की प्राचीन शिव आराधना परंपरा का महत्वपूर्ण केंद्र है। प्रदेशवासियों की भगवान हटकेश्वरनाथ महादेव के प्रति गहरी आस्था है और सावन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर जलाभिषेक करते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान प्राकृतिक सुंदरता और लोक-संस्कृति के साथ-साथ आध्यात्मिक एवं धार्मिक परंपराओं से भी है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में स्थित प्राचीन शिवधाम और शक्तिपीठ समृद्ध धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं।
नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ते हैं ऐसे आयोजन
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कांवड़ यात्रा जैसे धार्मिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपरा और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने का काम करते हैं। ऐसे आयोजनों में समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता से आपसी सद्भाव, सामाजिक एकता और समरसता मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण और संवर्धन सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। राज्य सरकार प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों के विकास तथा श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इससे धार्मिक पर्यटन की संभावनाओं को भी बढ़ावा मिलेगा।
छत्तीसगढ़ की खुशहाली के लिए की प्रार्थना
मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा में शामिल सभी शिवभक्तों को शुभकामनाएं देते हुए भगवान भोलेनाथ से छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति और प्रदेशवासियों के कल्याण की प्रार्थना की। उन्होंने कामना की कि प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे तथा छत्तीसगढ़ विकास और जनकल्याण के पथ पर निरंतर आगे बढ़े। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत, रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, महापौर मीनल चौबे सहित निगम-मंडलों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।