खोरपा स्कूल में बाल दिवस एवं जनजातीय गौरव दिवस की रही धूम, बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने मोहा मन

खोरपा स्कूल में बाल दिवस एवं जनजातीय गौरव दिवस की रही धूम, बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने मोहा मन

पाटन। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला खोरपा, विकासखंड पाटन में बाल दिवस एवं जनजातीय गौरव दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। देश के प्रथम प्रधानमंत्री भारत रत्न पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती एवं महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर विद्यालय में विविध सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महान विभूतियों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के छायाचित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करने के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। आयोजन में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ सहभागिता निभाई।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

बाल दिवस के अवसर पर छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर उपस्थित शिक्षकों एवं पालकों का मन मोह लिया। बच्चों ने पारंपरिक वेशभूषा के साथ विशेष रूप से हरे परिधानों में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। नृत्य, गीत एवं अन्य आकर्षक प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर उत्सवमय हो उठा। विद्यार्थियों के उत्साह और आत्मविश्वास ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

महापुरुषों के आदर्शों से रूबरू हुए विद्यार्थी

कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को पंडित जवाहरलाल नेहरू के बाल प्रेम, शिक्षा के महत्व तथा भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान, जनजातीय अस्मिता और देशभक्ति के आदर्शों से परिचित कराया गया। शिक्षकों ने बच्चों को महान विभूतियों के जीवन से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया।

इस अवसर पर पूर्व माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक संतोष कुमार शर्मा, प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक कमलेश कुमार साहू सहित शिक्षकगण श्रीमती आशा साहू, प्रफुल चंद्र साहू, तृप्ति वर्मा, भूमिजा देवांगन एवं ठाकुर राम यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *