
उतई के ग्राम गोड़पेण्ड्री में सनसनीखेज वारदात, 40 वर्षीय धर्मेन्द्र पाल की हत्या के आरोप में 34 वर्षीय बहन गिरफ्तार, आरोपी की निशानदेही पर खून से सना सीलबट्टा बरामद।
दुर्ग। जिले के उतई थाना क्षेत्र के ग्राम गोड़पेण्ड्री में रिश्तों को झकझोर देने वाली हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक बहन पर अपने ही सगे भाई की सीलबट्टे (लोढ़ा) से वार कर हत्या करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि भाई की लगातार शराबखोरी से परेशान होकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया। हत्या के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए अज्ञात हमलावर द्वारा हत्या किए जाने की झूठी कहानी भी गढ़ी, लेकिन पुलिस की जांच में कुछ ही घंटों में पूरे मामले का पर्दाफाश हो गया।
घर में लहूलुहान हालत में मिला भाई का शव
जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर को ग्राम गोड़पेण्ड्री निवासी 40 वर्षीय धर्मेन्द्र पाल का शव घर में संदिग्ध परिस्थितियों में लहूलुहान हालत में मिला। उसके सिर और बाईं आंख के ऊपर किसी भारी वस्तु से वार किए जाने के गंभीर निशान थे। घटना की सूचना मृतक की 34 वर्षीय बहन धन्नी धनकर ने पुलिस को दी। उसने अज्ञात व्यक्ति द्वारा हमला कर भाई की हत्या किए जाने की बात बताई।
सूचना मिलते ही उतई पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल की परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों का बारीकी से परीक्षण किया, जिसमें मामला संदिग्ध नजर आया।
पुलिस की पूछताछ में टूट गई झूठी कहानी
जांच के दौरान पुलिस का संदेह घर के ही किसी सदस्य पर गहराने लगा। इसके बाद पुलिस ने मृतक की बहन धन्नी धनकर से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान वह अपने बयान पर कायम नहीं रह सकी और उसने भाई की हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसका भाई धर्मेन्द्र पाल लगातार शराब पीता था, जिससे वह परेशान रहती थी। इसी बात को लेकर उसके मन में नाराजगी और गुस्सा था।
सीलबट्टे से किए कई वार, मौके पर हुई मौत
पुलिस के अनुसार, इसी गुस्से में आरोपी बहन ने घर में रखे सीलबट्टे के लोढ़े से धर्मेन्द्र के सिर और बाईं आंख के ऊपर कई वार किए। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद पुलिस से बचने और जांच को भटकाने के लिए अज्ञात हमलावर द्वारा हत्या किए जाने की कहानी सुनाई। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया खून से सना सीलबट्टा बरामद कर जब्त कर लिया है।
चंद घंटों में सुलझा हत्या का मामला
ग्राम गोड़पेण्ड्री में हुई इस सनसनीखेज हत्या का उतई पुलिस ने शुरुआती जांच और पूछताछ के आधार पर चंद घंटों में खुलासा कर दिया। मामले में पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना ने पूरे गांव और इलाके में सनसनी फैला दी है। जिस बहन ने खुद पुलिस को अज्ञात हमलावर द्वारा भाई की हत्या किए जाने की सूचना दी थी, वही पूछताछ के बाद हत्या की आरोपी के रूप में सामने आई।
#DurgCrimeNews, #UtaiPolice, #DurgPolice, #CrimeNews, #ChhattisgarhNews, #MurderCase, #Godependri, #BreakingNews