ग्राम पंचायत अकतई में गांधी-शास्त्री जयंती पर सेवा का संदेश, आंगन मिलन कार्यक्रम में पोषण और स्वास्थ्य को लेकर किया जागरूक

ग्राम पंचायत अकतई में गांधी-शास्त्री जयंती पर सेवा का संदेश, आंगन मिलन कार्यक्रम में पोषण और स्वास्थ्य को लेकर किया जागरूक

जामगांव आर। दक्षिण पाटन के ग्राम पंचायत अकतई के आश्रित ग्राम चारभाठा एवं रीवागहन में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। ग्राम पंचायत भवन अकतई-चारभाठा-रीवागहन में आयोजित कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने दोनों महापुरुषों को नमन करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके राष्ट्रहित में किए गए योगदान को स्मरण किया।

इस अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित तीनों ग्रामों के आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़े हितग्राहियों को पोषण आहार वितरित किया गया। साथ ही महिलाओं एवं ग्रामीणों को पोषण, स्वास्थ्य तथा शासन की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं मितानिनों ने महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण तथा नियमित देखभाल के संबंध में आवश्यक जानकारी साझा की। ग्रामीण महिलाओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर सरपंच माधुरी नरोत्तम निषाद ने कहा कि गांधी और शास्त्री जयंती केवल स्मरण का अवसर नहीं, बल्कि उनके बताए सेवा, स्वच्छता, सादगी और राष्ट्रहित के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लेने का दिन है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को लेकर जागरूकता बढ़ाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में पर्यवेक्षक उर्वशी देसलहरे, मितानिन खेमबाई साहू, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्रौपदी ग्रीतलहरे, रीवागहन की शारदा ऊईके, जमुना शुक्ला एवं चंद्रिका मार्कण्डेय, पंच पीताम्बर मार्कण्डेय तथा बड़ी संख्या में महिलाएं एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *