ग्राम सभा में हिसाब-किताब को लेकर बवाल, जिला पंचायत सदस्य के पति से मारपीट का आरोप; युवती के थप्पड़ के बाद चक्काजाम, दो पक्ष आमने-सामने

अछोटा गांव में विशेष ग्राम सभा के दौरान बढ़ा विवाद, दोनों पक्षों ने पुलिस में की शिकायत; अर्जुनी पुलिस ने संभाला मोर्चा

धमतरी। जिले के अछोटा गांव में विशेष ग्राम सभा के दौरान पंचायत के हिसाब-किताब को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हंगामे और मारपीट के आरोपों तक पहुंच गया। विवाद के दौरान पूर्व जनपद अध्यक्ष एवं वर्तमान जिला पंचायत सदस्य के पति के साथ कथित मारपीट और एक युवती द्वारा थप्पड़ मारने की बात सामने आई है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। जानकारी के अनुसार, अछोटा गांव में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया था। ग्राम सभा के दौरान पंचायत के हिसाब-किताब को लेकर दो पक्षों के बीच बहस शुरू हुई। बहस बढ़ने के बाद स्थिति हाथापाई तक पहुंच गई। इसी दौरान जिला पंचायत सदस्य के पति के साथ कथित मारपीट की घटना हुई। वायरल बताए जा रहे घटनाक्रम में एक युवती द्वारा उन्हें थप्पड़ मारने की बात भी सामने आई है। हालांकि, घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग आरोप लगाए जा रहे हैं।

थप्पड़ के बाद सड़क पर उतरे ग्रामीण

घटना के बाद विवाद और गहरा गया। एक पक्ष के ग्रामीणों ने धमतरी-नगरी मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों के सड़क पर बैठने से मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ। वहीं दूसरे पक्ष से जुड़े सरपंच और ग्राम विकास समिति के लोगों के पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर शिकायत लेकर रवाना होने की जानकारी सामने आई है।

दोनों पक्षों ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत

विवाद के बाद दोनों पक्षों की ओर से पुलिस में शिकायत किए जाने की जानकारी है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट सहित अन्य आरोप लगाए हैं। सूचना मिलने पर अर्जुनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किए जाने की भी जानकारी है।

बयानों के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों के बयान लिए हैं। पुलिस के अनुसार शिकायतों और बयानों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जाएगी। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल ग्राम सभा में पंचायत के हिसाब-किताब को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट के आरोप, थप्पड़ और चक्काजाम तक पहुंचने के बाद अछोटा गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *