शहीद CRPF जवान सालिक राम ध्रुव को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई, तिरंगे में लिपटे वीर सपूत को नम आंखों से दी विदाई

परेवाडीह गांव में उमड़ा जनसैलाब, “जब तक सूरज चांद रहेगा, सालिक राम ध्रुव तेरा नाम रहेगा” के नारों से गूंजा इलाका
धमतरी
। जिले के परेवाडीह गांव में बुधवार को शहीद CRPF जवान सालिक राम ध्रुव को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। वीर सपूत का पार्थिव शरीर गृह ग्राम पहुंचते ही गांव का माहौल गमगीन हो गया। अंतिम दर्शन और विदाई के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, CRPF के अधिकारी एवं जवान तथा आसपास के लोग पहुंचे। सालिक राम ध्रुव CRPF की कोबरा बटालियन 205 में तैनात थे। उनकी पोस्टिंग बिहार के गया में थी। ड्यूटी के दौरान तबीयत बिगड़ने के बाद उनका रायपुर के अस्पताल में उपचार चल रहा था। उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

पार्थिव शरीर के गृह ग्राम परेवाडीह पहुंचने के बाद राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान CRPF के जवानों ने अपने साथी को सम्मान दिया। तिरंगे में लिपटे वीर सपूत के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। माहौल गमगीन होने के साथ देशभक्ति के नारों से भी गूंजता रहा।

“जब तक सूरज चांद रहेगा, सालिक राम ध्रुव तेरा नाम रहेगा”

अंतिम यात्रा के दौरान ग्रामीणों ने शहीद जवान के सम्मान में जमकर जयघोष किया। “जब तक सूरज चांद रहेगा, सालिक राम ध्रुव तेरा नाम रहेगा” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। ग्रामीणों ने तिरंगे में लिपटे अपने वीर सपूत को भावभीनी अंतिम विदाई दी और शहीद जवान के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

अंतिम विदाई में उमड़ा जनसैलाब

सालिक राम ध्रुव की अंतिम यात्रा में CRPF अधिकारियों एवं जवानों के साथ जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। देश सेवा में जीवन समर्पित करने वाले जवान की अंतिम विदाई ने पूरे क्षेत्र को भावुक कर दिया। नम आंखों के साथ लोगों ने अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *