छत्तीसगढ़ में तिमाही परीक्षा का शेड्यूल जारी, 21 सितंबर से सभी जिलों में एक साथ शुरू होंगी परीक्षाएं ! कक्षा 1 से 8वीं तक 26 सितंबर और 9वीं से 12वीं तक 30 सितंबर तक परीक्षा

छत्तीसगढ़ में तिमाही परीक्षा का शेड्यूल जारी, 21 सितंबर से सभी जिलों में एक साथ शुरू होंगी परीक्षाएं ! कक्षा 1 से 8वीं तक 26 सितंबर और 9वीं से 12वीं तक 30 सितंबर तक परीक्षा

रायपुर, 4 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में स्कूल शिक्षा विभाग ने तिमाही परीक्षा की तिथियां निर्धारित कर दी हैं। इस बार प्रदेश में पहली बार सभी जिलों में एक ही तारीख से तिमाही परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। कक्षा 1 से 12वीं तक के विद्यार्थियों की परीक्षाएं 21 सितंबर से शुरू होंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कक्षा 1 से 8वीं तक की तिमाही परीक्षाएं 21 से 26 सितंबर तक आयोजित होंगी, जबकि हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी यानी कक्षा 9वीं से 12वीं तक की परीक्षाएं 21 से 30 सितंबर तक चलेंगी।

कक्षावार परीक्षा समय निर्धारित

कक्षा 1 से 5वीं तक के विद्यार्थियों की परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। इसी प्रकार कक्षा 6वीं से 8वीं तक की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगी। कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों की परीक्षा दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित की जाएगी।

प्रदेशभर में एकरूपता से होगा परीक्षा आयोजन

तिमाही परीक्षा की इस व्यवस्था की खास बात यह है कि इस बार प्रदेश के सभी जिलों में परीक्षा एक ही तारीख से शुरू होगी। इससे परीक्षा आयोजन में एकरूपता आने के साथ प्रदेशभर के स्कूलों में समान शैक्षणिक कैलेंडर के अनुरूप परीक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

जिला स्तरीय परीक्षा समिति करेगी निगरानी

परीक्षा के सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन के लिए जिला स्तरीय परीक्षा समिति का गठन किया गया है। समिति द्वारा परीक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं और प्रक्रिया की निगरानी की जाएगी। परीक्षा कार्यक्रम जारी होने के बाद अब स्कूलों में परीक्षा की तैयारियां तेज होने की संभावना है। विद्यार्थी और शिक्षक निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार तैयारी में जुटेंगे।

परीक्षा कार्यक्रम एक नजर में

  • कक्षा 1 से 5वीं: 21 से 26 सितंबर, सुबह 10 से दोपहर 12:30 बजे तक।
  • कक्षा 6वीं से 8वीं: 21 से 26 सितंबर, सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक।
  • कक्षा 9वीं से 12वीं: 21 से 30 सितंबर, दोपहर 1 से शाम 4 बजे तक।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *