
जामगांव आर/दुर्ग। ग्राम पंचायत सदस्यों एवं उपसरपंचों के अधिकार, सम्मान और स्वाभिमान को लेकर छत्तीसगढ़ में ‘ग्राम पंचायत सदस्य स्वाभिमान संकल्प यात्रा’ का शुभारंभ गुरुवार को दुर्ग जिले से हुआ। ग्राम पंचायत सदस्य संगठन एवं उपसरपंच संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय सिंह चौहान की मौजूदगी में आयोजित संवाद कार्यक्रम में जिलेभर से पहुंचे उपसरपंचों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने पंचायत व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। दुर्ग आगमन पर संगठन से जुड़े सदस्यों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय सिंह चौहान का आत्मीय स्वागत किया। जिला भाजपा कार्यालय में जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने भी उनका स्वागत किया।
जिलेभर के उपसरपंचों के संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय सिंह चौहान ने कहा कि ग्राम पंचायतें ग्रामीण विकास की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। पंचायतों में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन से लेकर स्थानीय स्तर पर जनहित के कार्यों तक उपसरपंच और पंचायत सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में उन्हें केवल दायित्व ही नहीं, बल्कि उसके अनुरूप अधिकार, सम्मान और निर्णय प्रक्रिया में प्रभावी सहभागिता भी मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन पंचायत प्रतिनिधियों के अधिकारों और सम्मान के मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर से लेकर राज्यों एवं जिलों तक मजबूती से उठा रहा है। ‘ग्राम पंचायत सदस्य स्वाभिमान संकल्प यात्रा’ का उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों को संगठित करना, उनके अधिकारों की आवाज को मजबूत करना और ग्राम पंचायतों के विकास में उनकी प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करना है। चौहान ने संगठनात्मक मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि सभी जिलों में सक्रिय पंचायत सदस्यों और उपसरपंचों की टीम तैयार की जाए। इसके बाद राज्य स्तर पर संगठन को मजबूत कर पंचायत प्रतिनिधियों की मांगों को शासन स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा।
• राष्ट्रीय अध्यक्ष चौहान ने रखीं प्रमुख मांगें
उपसरपंचों के अधिकारों को लेकर उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि पंचायत व्यवस्था में उपसरपंचों को सम्मानजनक मानदेय मिलना चाहिए। पंचायत की राशि के आहरण में सरपंच और सचिव के साथ उपसरपंच के संयुक्त हस्ताक्षर की व्यवस्था होनी चाहिए। इसके अलावा उपसरपंचों को कार्य एजेंसी के रूप में पांच लाख रुपये तक के विकास कार्य कराने का अधिकार दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकारों के विकेंद्रीकरण से पंचायत स्तर पर विकास कार्यों में जवाबदेही और सहभागिता दोनों मजबूत होंगी।
• प्रदेश और जिला स्तर पर संगठन विस्तार पर जोर
संघ के प्रदेश अध्यक्ष मनोज शुकतेल ने कहा कि यह आयोजन ग्राम पंचायत सदस्यों के स्वाभिमान, अधिकार और सम्मान को लेकर चलाया जा रहा जागरूकता अभियान है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। जिला अध्यक्ष जयप्रकाश साहू ने कहा कि जिले के सभी विकासखंडों में संगठन की सशक्त इकाई गठित करने की दिशा में कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। आने वाले दिनों में ब्लॉक स्तर पर पंचायत प्रतिनिधियों को संगठित कर उनके मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा। प्रदेश संयुक्त सचिव अनुज निषाद ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर संगठन के संरक्षक रामवृक्ष राम,प्रदेश सचिव तेजेश्वर शर्मा,जिला उपाध्यक्ष सत्य प्रकाश कौशिक, जिला सचिव ईश्वर साहू, मिडिया प्रभारी मनीष चंद्राकर,घनश्याम साहू,बसंत कुमार साहू,राजेंद्र वर्मा,भूपेंद्र यादव,सत्तूराम देशलहरे, राजेश कौशिक, दयालदास बर्मन, कमलकांत, अंकित अदिल, जगन्नाथ यादव, विकास साहू, उदयराम वर्मा, माधुरी मंडावी, संतोषी ठाकुर, मनीष कुमार मढ़रिया, पूर्णिमा लुकेश साहू, केवल निषाद, तोपेन्द्र कुमार वर्मा, कुलेश्वर वर्मा, नरेंद्र धनकर, उमा चेलक,अल्पा चेलक, वीरेंद्र चेलक, रुपेश चेलक आदि मौजूद रहे।