
रायपुर, 24 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है और आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने 24 अगस्त को कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है।
बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्र में निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इससे संबंधित चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसके अगले 24 घंटे में उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने तथा उत्तर ओडिशा और उससे लगे गंगीय पश्चिम बंगाल की ओर जाने की संभावना है। वहीं, इस मौसम प्रणाली से जुड़ी द्रोणिका झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ होते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश तक बनी हुई है। इन मौसमी परिस्थितियों के प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
रायपुर में भी बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में सोमवार को दिनभर बादल छाए रहने तथा कुछ इलाकों में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है। रविवार को हुई बारिश के बाद राजधानी के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली।
कोटाडोल में 11 सेमी बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। एमसीबी जिले के जनकपुर से लगे कोटाडोल में सर्वाधिक 11 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा रामचंद्रपुर, तोकापाल और करपावंड में 8-8 सेमी, छुरा और नांगार में 7 सेमी तथा सुकमा, लोरमी, जगदलपुर, केशकाल और बस्तर में करीब 6 सेमी बारिश दर्ज की गई।
इन 21 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है।