
भिलाई। श्रावण मास के चतुर्थ एवं अंतिम सोमवार के पावन अवसर पर दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने अपनी धर्मपत्नी रंजनी बघेल एवं पुत्रवधू पल्लवी बघेल के साथ सेक्टर-5 भिलाई स्थित श्री भद्रेश्वर महाकाल शिव मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर में पंडित विजय शंकर ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजन संपन्न कराया। सांसद विजय बघेल एवं उनके परिवार ने भगवान भोलेनाथ का अभिषेक कर देश-प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना और भक्ति का पावन अवसर है। भगवान भोलेनाथ सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें तथा प्रत्येक परिवार में सुख, शांति एवं समृद्धि का वास हो, यही हमारी प्रार्थना है। श्रावण के अंतिम सोमवार पर मंदिर में भक्तिमय वातावरण रहा और श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।