छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार संतोषजनक, अब तक 931.9 मिमी औसत बारिश-प्रदेश में सामान्य वर्षा का 97 प्रतिशत दर्ज, कांकेर में सबसे कम 61.5% और बेमेतरा में 77.2% बारिश

छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार संतोषजनक, अब तक 931.9 मिमी औसत बारिश-प्रदेश में सामान्य वर्षा का 97 प्रतिशत दर्ज, कांकेर में सबसे कम 61.5% और बेमेतरा में 77.2% बारिश

रायपुर, 11 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में मानसून 2026 के दौरान अब तक औसत वर्षा का आंकड़ा सामान्य के करीब बना हुआ है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार 1 जून से 10 सितंबर तक प्रदेश में 931.9 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है, जो इस अवधि की सामान्य औसत वर्षा 960.9 मिमी का 97 प्रतिशत है। प्रदेश में बारिश का वितरण हालांकि एकसमान नहीं रहा। बलरामपुर जिला 176.5 प्रतिशत बारिश के साथ सबसे आगे है। यहां सामान्य 825.3 मिमी के मुकाबले 1456.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। इसके बाद सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 148 प्रतिशत, रायपुर में 129.4 प्रतिशत, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 127.4 प्रतिशत, महासमुंद में 123.6 प्रतिशत और सूरजपुर में 117.6 प्रतिशत वर्षा दर्ज हुई है।

दुर्ग में 97.8 प्रतिशत बारिश

मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में वर्षा सामान्य के आसपास बनी हुई है। दुर्ग में 700.6 मिमी यानी 97.8 प्रतिशत, धमतरी में 950.9 मिमी यानी 101 प्रतिशत, बालोद में 102.7 प्रतिशत और बिलासपुर में 101.6 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई है। वहीं राजनांदगांव में 92.4 प्रतिशत और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 90.2 प्रतिशत वर्षा हुई है।

कांकेर में सबसे कम बारिश

प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश सामान्य से काफी पीछे है। कांकेर में 816.5 मिमी यानी सामान्य का केवल 61.5 प्रतिशत वर्षा दर्ज की गई, जो प्रदेश में सबसे कम प्रतिशत है। सुकमा में 64.9 प्रतिशत, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 66.7 प्रतिशत, बीजापुर में 73.4 प्रतिशत, बस्तर में 73.9 प्रतिशत और कोण्डागांव में 74.3 प्रतिशत बारिश हुई है। बेमेतरा में 541.1 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य का 77.2 प्रतिशत है। सरगुजा में 79.9 प्रतिशत, कबीरधाम में 83.5 प्रतिशत, जशपुर में 83.8 प्रतिशत और दंतेवाड़ा में 85.7 प्रतिशत बारिश दर्ज हुई है।

खेती के लिए स्थिति अनुकूल

दैनिक आंकड़ों के अनुसार कोरिया में 12.6 मिमी, सक्ती में 11.6 मिमी, सूरजपुर में 11.4 मिमी, कांकेर में 11.2 मिमी और बलरामपुर में 10.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। प्रदेश का दैनिक औसत 3.1 मिमी रहा। राज्य में अब तक सामान्य वर्षा का 97 प्रतिशत आंकड़ा दर्ज होने से खरीफ फसलों के लिए पानी की स्थिति फिलहाल अनुकूल बनी हुई है। हालांकि कम बारिश वाले जिलों में सिंचाई व्यवस्था को सतर्क रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *