छत्तीसगढ़ से मानसून की विदाई शुरू: इस बार 5% ज्यादा बारिश, अब बढ़ेगी गर्मी-उमस; सरगुजा में 41% कम बरसा पानी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई शुरू हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार 3 अक्टूबर से प्रदेश के कुछ हिस्सों से मानसून लौट चुका है और अगले दो से तीन दिनों में अन्य क्षेत्रों से भी इसकी वापसी पूरी हो सकती है। बारिश थमने के बाद अब प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी और उमस का असर बढ़ गया है। पिछले साल जहां मानसून की विदाई अक्टूबर के मध्य में हुई थी, वहीं इस बार सितंबर के अंतिम सप्ताह से ही वापसी के संकेत मिलने लगे थे। हालांकि, बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के कारण सितंबर के आखिरी दिनों में प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई।

सामान्य से 5% ज्यादा बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक छत्तीसगढ़ में मानसून सीजन की सामान्य औसत वर्षा 1141.2 मिमी है, जबकि इस बार 1194.9 मिमी बारिश दर्ज की गई। यानी पूरे सीजन में प्रदेश में सामान्य से लगभग 4.7 प्रतिशत, यानी करीब 5 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। प्रदेश में मानसून की शुरुआत धीमी रही, लेकिन जुलाई और सितंबर में अच्छी वर्षा ने कुल औसत को बढ़ा दिया।

  • जुलाई: 494 मिमी बारिश (सामान्य का 132%)
  • अगस्त: 355.3 मिमी बारिश (सामान्य का 98%)
  • सितंबर: 279.3 मिमी बारिश, सामान्य से अधिक

9 जिलों में अधिक, 3 जिलों में कम बारिश

प्रदेश के 33 जिलों में से 9 जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई। इनमें सारंगढ़-बिलाईगढ़, रायपुर, नारायणपुर, मुंगेली, गरियाबंद, धमतरी, बालोद, बलौदाबाजार और बलरामपुर शामिल हैं। वहीं, सरगुजा में सामान्य से 41 प्रतिशत कम बारिश हुई, जबकि जशपुर और बेमेतरा में 36 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई। अन्य जिलों में बारिश सामान्य श्रेणी में रही।

दो बार बने बाढ़ जैसे हालात

इस मानसून सीजन में प्रदेश में दो बार बाढ़ जैसे हालात बने। 31 जुलाई को भारी बारिश के कारण कई जिलों में जलभराव और बाढ़ की स्थिति बनी थी। इसके बाद सितंबर के अंतिम सप्ताह में लगातार बारिश से फिर कई क्षेत्रों में नदी-नाले उफान पर आ गए। कई कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हुए, हजारों एकड़ फसल प्रभावित हुई और राहत-बचाव कार्यों के लिए एनडीआरएफ तथा एसडीआरएफ की टीमों को तैनात करना पड़ा। राजधानी रायपुर सहित कई शहरों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली।

अब मौसम रहेगा शुष्क

मानसून की वापसी के साथ अब प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 4 अक्टूबर के लिए किसी भी जिले में कोई चेतावनी जारी नहीं की है। अगले दो दिनों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा। रायपुर में रविवार को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

कोरबा सबसे गर्म

पिछले 24 घंटे में प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस कोरबा में दर्ज किया गया। इसके बाद राजनांदगांव में 34.5, जांजगीर-चांपा में 34.4, रायपुर में 34.2 और रायगढ़ में 34.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड में दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *