छात्राओं को पैदल कलेक्टोरेट जाना पड़ा तो CM साय हुए सख्त, कलेक्टर को फोन कर मांगी पूरी रिपोर्ट; लापरवाही मिली तो कार्रवाई के निर्देश

छात्राओं को पैदल कलेक्टोरेट जाना पड़ा तो CM साय हुए सख्त, कलेक्टर को फोन कर मांगी पूरी रिपोर्ट; लापरवाही मिली तो कार्रवाई के निर्देश

एकलव्य विद्यालय की छात्राओं ने बिजली, शिक्षकों की कमी, पढ़ाई, मेस और साफ-सफाई की बताई समस्याएं; CM बोले- शिकायत के लिए बच्चियों को पैदल जाने की नौबत नहीं आनी चाहिए

रायपुर। सरगुजा के एकलव्य विद्यालय की छात्राओं को अपनी समस्याएं बताने के लिए पैदल कलेक्टोरेट तक जाना पड़ा। मामला मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तक पहुंचने के बाद उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए सरगुजा कलेक्टर से फोन पर चर्चा की और विद्यालय की पूरी स्थिति की जानकारी ली। छात्राओं के इस तरह पैदल कलेक्टोरेट जाने की घटना पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बच्चियों को अपनी शिकायतें रखने के लिए इस तरह पैदल जाने की स्थिति दोबारा नहीं बननी चाहिए। मुख्यमंत्री ने मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करने के भी निर्देश दिए हैं।

बिजली, पढ़ाई और शिक्षकों की कमी की शिकायत

छात्राओं ने विद्यालय में कई समस्याओं की जानकारी प्रशासन को दी है। इनमें बिजली की व्यवस्था, शिक्षकों की कमी, नियमित पढ़ाई, मेस की व्यवस्था और साफ-सफाई से जुड़े मुद्दे प्रमुख हैं। छात्राओं की शिकायतों के बाद अब इन सभी व्यवस्थाओं की जांच की जाएगी।

लापरवाही मिली तो होगी कार्रवाई

मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को विद्यालय की व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ जरूरी मूलभूत सुविधाएं मिलनी चाहिए। जांच के दौरान यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद अब प्रशासनिक जांच और छात्राओं की समस्याओं के समाधान पर नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *