
कोंडागांव के स्वामी आत्मानंद स्कूल का मामला, उपस्थिति रजिस्टर में दर्ज थी प्रिंसिपल की हाजिरी; DEO ने शिक्षकों की बैठक लेकर जांच के दिए निर्देश
कोंडागांव। जिले के मर्दापाल स्थित स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल की शैक्षणिक व्यवस्था को लेकर पांच छात्रों द्वारा कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर शिकायत करने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। छात्रों ने स्कूल में नियमित पढ़ाई नहीं होने के साथ ही प्रिंसिपल के व्यवहार को लेकर भी गंभीर शिकायतें कीं। मामले की जानकारी मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान छात्रों को साथ लेकर करीब 30 किलोमीटर दूर मर्दापाल स्थित स्कूल पहुंचीं। DEO के अचानक निरीक्षण से स्कूल प्रबंधन में हलचल मच गई। उन्होंने स्कूल परिसर का जायजा लेने के साथ शिक्षकों की उपस्थिति पंजी की भी जांच की।
निरीक्षण के दौरान प्रिंसिपल स्कूल में मौजूद नहीं मिले, जबकि उपस्थिति रजिस्टर में उनकी हाजिरी दर्ज थी। इस स्थिति को लेकर भी सवाल उठे। DEO ने स्कूल के सभी शिक्षकों की बैठक लेकर कक्षाओं के संचालन, शिक्षकों की उपस्थिति और स्कूल की अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली।छात्रों ने प्रिंसिपल पर कथित तौर पर शराब का सेवन कर स्कूल आने का आरोप भी लगाया है। इसके अलावा शिक्षकों द्वारा नियमित रूप से कक्षाएं नहीं लेने की शिकायत भी सामने आई है। हालांकि, इन आरोपों की अभी विभागीय जांच होना बाकी है।
जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान ने कहा कि छात्रों द्वारा की गई शिकायतों की जांच कराई जाएगी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित प्रिंसिपल अथवा कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। स्कूल की उपस्थिति व्यवस्था और शिक्षण कार्य भी जांच के दायरे में रहेगा। छात्रों की शिकायत के बाद DEO के तत्काल स्कूल पहुंचने से अब पूरे मामले की जांच पर निगाहें टिकी हैं। खास तौर पर उपस्थिति रजिस्टर में हाजिरी दर्ज होने के बावजूद प्रिंसिपल के स्कूल में नहीं मिलने का मामला जांच में महत्वपूर्ण बिंदु माना जा रहा है।