जनपद सभापति प्रणव शर्मा के नेतृत्व में नारायणपुर से देवबलौदा तक निकली भव्य कांवड़ यात्रा, हजारों शिवभक्तों ने किया जलाभिषेक

जनपद सभापति प्रणव शर्मा के नेतृत्व में नारायणपुर से देवबलौदा तक निकली भव्य कांवड़ यात्रा, हजारों शिवभक्तों ने किया जलाभिषेक

पाटन। भगवान शिव के प्रति आस्था, भक्ति और समर्पण के प्रतीक के रूप में सनातन जागरण समिति, पाटन के तत्वावधान में रविवार को नारायणपुर (घुघुवा-क) से देवबलौदा तक विशाल कांवड़ यात्रा निकाली गई। समिति के संयोजक प्रणव शर्मा के नेतृत्व में निकली यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया। कांवड़ यात्रा का शुभारंभ सुबह 8 बजे नारायणपुर (घुघुवा-क) के बड़े तालाब स्थित भगवान गुमानेश्वर शिव मंदिर में जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के साथ हुआ। पूजा के बाद कांवड़ियों ने बड़े तालाब से जल भरा और ग्राम के देवी-देवताओं का आशीर्वाद लेकर प्राचीन शिव मंदिर देवबलौदा के लिए रवाना हुए।

यात्रा में भगवान भोलेनाथ के भक्तिमय गीत-संगीत और जयघोष के बीच अघोरी रूप में सजी भव्य झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। कांवड़ियों का कारवां घुघुवा-क से बड़े औरी, नारधी होते हुए देवबलौदा पहुंचा। धूप और बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह और आस्था देखते ही बनी। यात्रा में महिला, पुरुष, युवा और बुजुर्ग सहित सभी आयु वर्ग के शिवभक्त शामिल हुए।

देवबलौदा में हुआ अभिषेक और आरती

प्राचीन शिव मंदिर देवबलौदा पहुंचने पर मंदिर के पुजारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कराई। इसके पश्चात प्रणव शर्मा एवं उनके पारिवारिकजनों द्वारा भगवान शिव का विधिवत अभिषेक एवं आरती की गई। पूजा-अर्चना के बाद मंदिर परिसर के समीप आयोजित भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को महाभोग एवं प्रसादी का वितरण किया गया।

धार्मिक एवं आध्यात्मिक चेतना बढ़ाना उद्देश्य

कांवड़ यात्रा के संयोजक प्रणव शर्मा ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य क्षेत्र में धार्मिक एवं आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा देना तथा श्रद्धालुओं को भगवान शिव की भक्ति से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ से क्षेत्रवासियों और आमजन के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की गई है। उन्होंने यात्रा को सफल बनाने के लिए क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

सनातन जागरण समिति ने कहा कि कांवड़ यात्रा श्रद्धा, भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का माध्यम है। सामूहिक रूप से भगवान शिव की आराधना और जलाभिषेक से समाज में धार्मिक सद्भाव, सेवा भावना और आध्यात्मिक चेतना को मजबूती मिलती है। यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्तों के साथ क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं सामाजिकजन भी शामिल हुए। पूरे यात्रा मार्ग में हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *