जामगांव आर कालेज में पोषक शाला अभियान के तहत 350 विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए किया प्रेरित, महाविद्यालय की सुविधाओं से कराया परिचित

जामगांव आर कालेज में पोषक शाला अभियान के तहत 350 विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए किया प्रेरित, महाविद्यालय की सुविधाओं से कराया परिचित

जामगांव-आर। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित पोषक शाला अभियान के अंतर्गत शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय, जामगांव-आर द्वारा आसपास के चार विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शन एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 350 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जामगांव-आर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भरऱ,स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भाठागांव तथा स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेल्हारी के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के महत्व और महाविद्यालय में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी गई।

अभियान के तहत विद्यार्थियों को शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय में प्रवेश लेकर उच्च शिक्षा जारी रखने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों को ई-लाइब्रेरी, खेलकूद, रेडक्रॉस, रेड रिबन, एनएसएस, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी सहित विभिन्न पाठ्येत्तर गतिविधियों एवं महाविद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने कार्यक्रम प्रभारी को निर्देशित करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के महत्व और महाविद्यालय में उपलब्ध अवसरों की जानकारी सरल एवं सहज भाषा में दी जाए, ताकि वे अपने भविष्य के लिए उचित निर्णय ले सकें।

कार्यक्रम संयोजक डॉ. आबिद हसन खान ने महाविद्यालय की सुविधाओं एवं पाठ्येत्तर गतिविधियों की जानकारी दी। वरिष्ठ सहायक प्राध्यापक रजनीशकान्त तिवारी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत संचार कौशल के महत्व पर प्रकाश डाला। क्रीड़ाधिकारी डॉ. नरेशधर दीवान ने योग एवं शारीरिक शिक्षा की उपयोगिता बताई। मेजराम जोशी ने व्यक्तित्व विकास एवं मानसिक तनाव से निपटने के उपायों पर मार्गदर्शन दिया, जबकि प्रियम वैष्णव ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए महाविद्यालय का चयन करने तथा उपलब्ध शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *