
राहगीरों ने रस्सी से खींचकर निकाला, पैर की हड्डियां टूटीं; गंभीर हालत में दुर्ग रेफर
बालोद। जिले के गुंडरदेही थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर ट्रक और पिकअप के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसा बालोद-दुर्ग मुख्य मार्ग पर ग्राम सिकोसा के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक करीब 45 मिनट तक ड्राइविंग सीट में फंसा रहा। हादसे में पिकअप चालक 37 वर्षीय दीपक बारले गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया कि उसके कमर के नीचे का हिस्सा वाहन के लोहे के हिस्सों में फंस गया था। घायल अवस्था में होने के बावजूद दीपक लोगों से बातचीत करता रहा और खुद बाहर निकलने का प्रयास करता रहा।
रस्सी बांधकर खींचे लोहे के हिस्से
हादसे के बाद मौके से गुजर रहे राहगीरों ने घायल चालक को बाहर निकालने के लिए मोर्चा संभाला। पिकअप का दरवाजा, स्टेयरिंग और अन्य दबे हुए लोहे के हिस्सों को रस्सी से बांधकर खींचा गया। करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद चालक को वाहन से बाहर निकाला जा सका। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए थे।
108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया
चालक को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से गुंडरदेही अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दुर्ग रेफर कर दिया। गुंडरदेही पुलिस के अनुसार हादसे में चालक के पैरों की हड्डियां टूट गई हैं। फिलहाल उसका इलाज दुर्ग में चल रहा है।
माइंस से लौट रहा था ट्रक
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में शामिल ट्रक हाहालद्दी माइंस में संचालित होता है। ट्रक रायपुर से लौह अयस्क खाली कर वापस लौट रहा था। वहीं, बोरिया खुर्द निवासी दीपक बारले सामान खाली करने के बाद पिकअप लेकर दल्लीराजहरा से रायपुर की ओर लौट रहा था। इसी दौरान ग्राम सिकोसा के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
दोनों वाहन पुलिस ने किए जब्त
हादसे की सूचना मिलने के बाद गुंडरदेही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और पिकअप दोनों को जब्त कर लिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक मामले में अपराध दर्ज करने की कार्रवाई जारी है। दुर्घटना की परिस्थितियों और दोनों वाहनों की गति समेत अन्य पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।