
“कोई बच्चा छूटने न पाए, हर बच्चा स्कूल जाए” का दिया गया संदेश
जामगांव आर।शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय बेल्हारी, विकासखंड पाटन, जिला दुर्ग में नवीन शिक्षा सत्र 2026-27 के शुभारंभ अवसर पर मंगलवार को शाला प्रवेश उत्सव उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नवप्रवेशी विद्यार्थियों का विद्यालय परिवार द्वारा तिलक, गुलाल एवं पुष्प अर्पित कर आत्मीय स्वागत किया गया। विद्यालय परिसर में बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में सरपंच अमित अग्रवाल, स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के अध्यक्ष शिव कुमार साहू, सांसद प्रतिनिधि रामसिंग बंसोड़, सीएसी चंद्रशेखर देवांगन, भेंन चंद्राकर तथा पवन कुमार साहू की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने विद्यार्थियों एवं पालकों को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और सभी बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने का आग्रह किया।
शाला प्रवेश उत्सव के दौरान बच्चों के स्वागत हेतु खीर-पूरी का वितरण किया गया। साथ ही नवप्रवेशी विद्यार्थियों को गणवेश एवं पाठ्यपुस्तकें प्रदान कर नए शैक्षणिक सत्र की शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में उपस्थित पालकों ने भी बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए शिक्षा को सबसे महत्वपूर्ण आधार बताया। विद्यालय परिवार ने इस अवसर पर “कोई बच्चा छूटने न पाए, हर बच्चा स्कूल जाए” का संदेश देते हुए क्षेत्र के सभी पालकों से अपने बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन एवं नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की। कार्यक्रम में प्रधानपाठक जया रेड्डी, शिक्षक पुलस्त्य कुमार साहू, अनिता शर्मा, श्रद्धा वर्मा, सलमा रुही, कमलेश साहू एवं चलेश साहू सहित बड़ी संख्या में पालकगण, ग्रामवासी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों को नए शिक्षा सत्र की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।