पीएम श्री विद्यालय अखरा में धूमधाम से मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव, बाबा वर्मा बोले- शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव

पीएम श्री विद्यालय अखरा में धूमधाम से मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव, बाबा वर्मा बोले- शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव

नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक व पुष्प से स्वागत, वितरित की गईं गणवेश और पाठ्य पुस्तकें“हर बच्चा पढ़े, हर बच्चा बढ़े” का लिया संकल्प, शिक्षा से किसी बच्चे को वंचित न रखने का आह्वान

पाटन । नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ अवसर पर शासकीय पीएम श्री विद्यालय अखरा में शाला प्रवेश उत्सव उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के तहत नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं पुष्प भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। साथ ही बच्चों को गणवेश एवं पाठ्य पुस्तकें वितरित की गईं तथा मुंह मीठा कराकर नए शैक्षणिक सत्र की शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ युवा नेता बाबा वर्मा ने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने और उनकी शिक्षा में सक्रिय सहभागिता निभाने का आग्रह किया। विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए बाबा वर्मा ने कहा कि अनुशासन, परिश्रम और निरंतर अध्ययन ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने बच्चों से मन लगाकर पढ़ाई करने, शिक्षकों का सम्मान करने तथा अपने माता-पिता, विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधान पाठक संतोष वर्मा सहित शिक्षक चंचल द्विवेदी, मनोज वर्मा, राजेश्वरी वर्मा, सीताराम देवांगन, रोहित ठाकुर, सरोज बघेल एवं आशीष साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सेवा सहकारी समिति पाटन के प्राधिकृत अध्यक्ष नागेंद्र वर्मा, सांसद प्रतिनिधि योगेश्वर वर्मा, विधायक प्रतिनिधि राजेंद्र यादव, पालक समिति की सदस्य नेहा चक्रधारी एवं राजेश्वरी वर्मा सहित बड़ी संख्या में पालक, शिक्षक, ग्रामीणजन और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *