दुर्ग में गूंजेगा हर-हर महादेव, आज निकलेगी 33 किलोमीटर की भव्य शिवनाथ कांवड़ यात्रा

दुर्ग में गूंजेगा हर-हर महादेव, आज निकलेगी 33 किलोमीटर की भव्य शिवनाथ कांवड़ यात्रा

दुर्ग। सावन के पवित्र माह में दुर्ग जिले की धरती आज भक्ति, आस्था, सनातन एकता और सामाजिक समरसता के विराट संगम की साक्षी बनेगी। शिवनाथ कांवड़ यात्रा समिति के नेतृत्व में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी 33 किलोमीटर लंबी भव्य शिवनाथ कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यात्रा का उद्देश्य सनातन एकता, सामाजिक समरसता, संस्कृति जागरण और नशामुक्त समाज का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।

सुबह 7 बजे होगा शुभारंभ

23 अगस्त, रविवार को सुबह 7 बजे धर्मगुरुओं द्वारा भगवा ध्वज दिखाकर यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा। यात्रा में हजारों की संख्या में शिवभक्तों के साथ युवा, महिलाएं, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न समाजों के लोग शामिल होंगे।

आस्था के साथ सामाजिक एकता का संदेश

समिति के संरक्षक उपकार चंद्राकर ने कहा कि शिवनाथ कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने वाला सांस्कृतिक एवं सामाजिक अभियान है। यात्रा के माध्यम से सनातन एकता, सामाजिक समरसता और संस्कृति जागरण के साथ नशामुक्त समाज का संकल्प मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष यात्रा में जनसहभागिता बढ़ रही है और इस वर्ष भी बड़ी संख्या में शिवभक्त स्वप्रेरणा से शामिल हो रहे हैं।

55 स्थानों पर होगा कांवड़ यात्रियों का स्वागत

यात्रा संयोजक विपिन चंद्राकर ने बताया कि यात्रा की तैयारियां व्यापक स्तर पर की गई हैं। करीब 200 कार्यकर्ता विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेंगे। लगभग 33 किलोमीटर के मार्ग में 55 स्थानों पर समाजों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न सामाजिक समितियों द्वारा कांवड़ यात्रियों का भव्य स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यात्रा भक्ति के साथ भाईचारे, सामाजिक एकता और अखंडता का संदेश दे रही है।

महाकाल पालकी और अघोरी दल रहेंगे आकर्षण

यात्रा प्रमुख वरुण यादव ने बताया कि इस वर्ष भगवान भोलेनाथ की महाकाल पालकी झांकी, अघोरी दल और भोलेनाथ परिवार की भव्य झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। सुंदर एवं आकर्षक ढंग से कांवड़ सजाकर यात्रा में शामिल होने वाले कांवड़ यात्रियों को समिति द्वारा सम्मानित भी किया जाएगा।

शिवनाथ तट पर रुद्राभिषेक और भव्य आरती

यात्रा के अंतिम पड़ाव पर शिवनाथ नदी के पावन तट पर भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक एवं भव्य शिवनाथ आरती आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए आतिशबाजी और भव्य भक्ति संध्या का भी आयोजन होगा। समिति ने जिले एवं प्रदेश के सभी शिवभक्तों, सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में यात्रा में शामिल होकर सनातन एकता, सामाजिक समरसता, संस्कृति जागरण एवं नशामुक्त समाज के संकल्प को मजबूती प्रदान करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *