
दुर्ग। सावन के पवित्र माह में रविवार को दुर्ग की धरती हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से शिवमय हो गई। शिवनाथ कांवड़ यात्रा समिति के तत्वावधान में आयोजित 33 किलोमीटर लंबी भव्य शिवनाथ कांवड़ यात्रा में जिले सहित प्रदेशभर से हजारों शिवभक्त शामिल हुए। समिति के संरक्षक उपकार चंद्राकर के नेतृत्व में निकली यात्रा में श्रद्धालु भगवा ध्वज और कांवड़ लेकर पूरे उत्साह के साथ शामिल हुए। सुबह 7 बजे शिवनाथ नदी तट से भैरवी धाम की पीठाधीश्वर सुमरन माई, आयोग उपाध्यक्ष अजय शुक्ला, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रकाश बजाज, पालिका अध्यक्ष मीना वर्मा एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सुनील पटेल ने भगवा ध्वज दिखाकर कांवड़ यात्रा को रवाना किया। धर्मगुरुओं एवं समाजसेवियों द्वारा यात्रा के शुभारंभ के साथ ही पूरा वातावरण हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंज उठा। यात्रा में युवा, महिलाएं, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के श्रद्धालुओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मार्गभर भक्ति गीतों, जयघोष और भगवा ध्वजों ने वातावरण को भक्तिमय बनाए रखा। बारिश और मौसम की चुनौतियों के बावजूद कांवड़ियों का उत्साह कम नहीं हुआ और श्रद्धालु निरंतर आगे बढ़ते रहे।
शिवनाथ कांवड़ यात्रा का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ सनातन एकता, संस्कृति जागरण और नशामुक्त समाज का संदेश जन-जन तक पहुंचाना भी है। आयोजकों के अनुसार हर वर्ष यात्रा के प्रति लोगों की आस्था, उत्साह और जनसहभागिता बढ़ रही है। यात्रा के दौरान विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, सांसद विजय बघेल, बिसराराम यादव, शिरीष अग्रवाल, दिव्या भसीन, महेश वर्मा, संतोष मौर्य, सूरज साहू, लोकेश पांडे, कंवरपाल सिंह, समीर अग्रवाल, गोपाल राव, वेद प्रकाश पांडे, रोहित चौधरी, आशीष बोरकर सहित भिलाई-चरोदा के पार्षदों ने यात्रा का स्वागत किया। जगह-जगह स्थानीय लोगों ने भी कांवड़ियों का स्वागत कर उनका उत्साह बढ़ाया।
शिवनाथ तट पर रुद्राभिषेक और भव्य आरती
33 किलोमीटर की यात्रा पूरी करने के बाद कांवड़िए शिवनाथ नदी के तट पर पहुंचे, जहां भगवान भोलेनाथ का विधिवत रुद्राभिषेक किया गया। इसके पश्चात भव्य शिवनाथ आरती का आयोजन हुआ। दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू, महामंत्री अशोक सिन्हा, भाजपा दुर्ग जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, तुलसी, विजय जायसवाल, पिछड़ा वर्ग मोर्चा दुर्ग जिला अध्यक्ष तेखन सिन्हा, कन्हैया सोनी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु आरती में शामिल हुए। आरती के दौरान हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से शिवनाथ तट गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।
धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान बन रही यात्रा
यात्रा के संयोजक विपिन चंद्राकर ने कहा कि शिवनाथ कांवड़ यात्रा अब क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा बनती जा रही है। पिछले वर्षों की तुलना में इस वर्ष भी श्रद्धालुओं की संख्या और उत्साह में वृद्धि देखने को मिली। उन्होंने कहा कि यह यात्रा श्रद्धालुओं को भगवान शिव की भक्ति के साथ अपनी संस्कृति, परंपरा और सनातन मूल्यों से जोड़ने का माध्यम बन रही है। कार्यक्रम में वरुण यादव, सुरेंद्र साहू, कुलदीप शर्मा, विकास अग्रवाल, राहुल भोसले, तुलसी ध्रुव, हर्षित साहू, सुदर्शन, अनिल, महेश, अभिषेक, महेंद्र, सम्यक गगन, नितेश, शिवा, दीपराज, अजय साहू, आशीष, रोशन सहित समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।