‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ में 18 विदेशी खिलाड़ी शामिल, सीएम साय ने बस्तर-सरगुजा घूमने का दिया न्योता
रायपुर। छत्तीसगढ़ में गोल्फ को लेकर गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं। नवा रायपुर में आयोजित ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ में देश-विदेश के 132 प्रोफेशनल गोल्फर हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 18 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। मंगलवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने फेयरवे गोल्फ एंड कंट्री क्लब रिजॉर्ट में प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया और स्वयं गोल्फ खेलकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम में 1983 विश्व कप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान और प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (PGTI) के अध्यक्ष कपिल देव भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में गोल्फ की संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं और राज्य सरकार गोल्फ से जुड़ी सुविधाओं के विस्तार तथा बड़े टूर्नामेंटों के आयोजन में सहयोग करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोल्फ को पहले सीमित वर्ग से जुड़ा खेल माना जाता था, लेकिन अब इसकी पहुंच बढ़ रही है। उनके अनुसार इस तरह के अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन से प्रदेश की खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलने के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ की पहचान मजबूत हो सकती है।
कपिल देव ने हर साल आयोजन की जताई इच्छा
PGTI अध्यक्ष कपिल देव ने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए मुख्यमंत्री और राज्य सरकार का आभार जताते हुए नवा रायपुर ओपन के नियमित आयोजन की इच्छा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यदि प्रतियोगिता की तारीखें पहले से तय हों तो देश-विदेश के खिलाड़ी अपने टूर्नामेंट कैलेंडर के अनुसार यहां आने की योजना बना सकेंगे। उन्होंने छत्तीसगढ़ के वातावरण और आतिथ्य को गोल्फ के लिए अनुकूल बताया।
गोल्फरों को बस्तर-सरगुजा आने का न्योता
मुख्यमंत्री साय ने प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों से गोल्फ के साथ छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों को देखने की अपील की। उन्होंने विदेशी और देश के खिलाड़ियों को बस्तर तथा सरगुजा की प्राकृतिक सुंदरता और जनजातीय संस्कृति से रूबरू होने का न्योता दिया। चित्रकोट जलप्रपात सहित बस्तर के पर्यटन स्थलों तथा सरगुजा की पहाड़ियों, जंगलों और संस्कृति का उल्लेख करते हुए उन्होंने खिलाड़ियों से प्रदेश की विविधता का अनुभव करने की अपील की।
मुख्यमंत्री साय ने खेल अधोसंरचना और नई प्रतिभाओं को अवसर देने की दिशा में राज्य सरकार की विभिन्न पहलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन, बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसी पहलों के जरिए प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की बात कही। PGTI के CEO अमनदीप चहल ने भी छत्तीसगढ़ में आयोजित गोल्फ प्रतियोगिता को खिलाड़ियों से मिल रहे सकारात्मक प्रतिसाद का उल्लेख किया।