जामगांव आर/दुर्ग । अपनी विभिन्न मांगों और पंचायतों की समस्याओं को लेकर पाटन ब्लॉक सरपंच संघ के पदाधिकारियों ने बुधवार को दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह से विशेष मुलाकात कर समस्याओं से अवगत कराया और लिखित ज्ञापन सौंपा। खास बात यह रही कि पंचायतों से जुड़े मुद्दों को लेकर भाजपा और कांग्रेस समर्थित दोनों ब्लॉक सरपंच संघ एकजुट नजर आए और संयुक्त रूप से दुर्ग कलेक्ट्रेट पहुंचे। जिलाधीश से मुलाक़ात के दौरान कांग्रेस समर्थित ब्लॉक सरपंच संघ अध्यक्ष रूपेंद्र शुक्ला ने प्रधानमंत्री आवास प्लस की सूची को लेकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि पाटन ब्लॉक में संबंधित अधिकारियों द्वारा ग्रामसभा के निर्णय और प्राथमिकता सूची की कथित तौर पर अनदेखी की जा रही है। उन्होंने मांग की कि ग्रामसभा में तय प्राथमिकता सूची का पालन करते हुए क्रमवार पीएम आवास की स्वीकृति दी जाए। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने का भरोसा दिलाया।
सरपंच संघ ने पंचायतों पर बकाया भारी-भरकम बिजली बिल का मुद्दा भी उठाया। पदाधिकारियों ने कहा कि पुराने बिजली बिलों के भुगतान को लेकर पंचायतों पर दबाव बनाया जा रहा है तथा कई पंचायतों की बिजली लाइन काटे जाने की स्थिति भी सामने आई है। इस संबंध में उन्होंने लिखित आपत्ति दर्ज कराते हुए पंचायतों को राहत देने की मांग की। कलेक्टर ने शासन की गाइडलाइन का अध्ययन करने के बाद नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
भाजपा समर्थित ब्लॉक सरपंच संघ अध्यक्ष विनय चंद्राकर ने अन्य पिछड़ा वर्ग के जाति प्रमाण पत्र जारी करने में ग्रामसभा के प्रस्ताव और पंचनामा को मान्य किए जाने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि राज्य के अन्य जिलों में भूमिहीन अथवा स्कूली अभिलेख उपलब्ध नहीं होने वाले ओबीसी हितग्राहियों के मामले में ग्रामसभा की कार्यवाही एवं सत्यापन के आधार पर जाति प्रमाण पत्र जारी किए जा रहे हैं, जबकि पाटन ब्लॉक में ग्रामसभा प्रस्ताव को मान्य नहीं किए जाने की समस्या सामने आ रही है। उन्होंने इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को आवश्यक निर्देश देने की मांग की। कलेक्टर ने एसडीएम को निर्देशित करने का आश्वासन दिया।
दोनों ब्लॉक अध्यक्षों ने कहा कि कलेक्टर ने सभी समस्याओं का नियमानुसार निराकरण करने का भरोसा दिलाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो पाटन ब्लॉक की सभी 102 पंचायतों के सरपंच एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई सड़क पर उतरकर लड़ेंगे। इस दौरान ब्लॉक सरपंच संघ के पदाधिकारी रवि सिंगौर,विपिन चंद्राकर, चेतन चंद्राकर, जीवधन ठाकुर, मनोज पटेल,डोनेश्वर साहू, अर्चना यादव, अमित अग्रवाल,शशिकरण बजाज, प्रीति चंद्राकर,देवकी निषाद,देशलहरे, माधुरी निषाद,कुसुमलता जैन, रेवाराम साहू, घनश्याम ठाकुर, मोहित विश्वकर्मा, तोरण साहू, महेश साहू, निर्मला बंजारे, कुलदीप गायकवाड़,प्रहरी रोशन वर्मा, मोहन लोधी सहित एवं पंचायतों के सरपंच उपस्थित रहे।