
रायपुर। रायपुर पुलिस ने अलग-अलग 77 NDPS मामलों में जब्त करीब 2.15 करोड़ रुपए से अधिक कीमत के गांजा और अन्य मादक पदार्थों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत इंडस्ट्रियल फर्नेस में जलाकर नष्ट किया। नष्टीकरण की कार्रवाई पुलिस नॉर्थ, सेंट्रल और वेस्ट जोन की जब्ती सामग्री को लेकर की गई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान 438.764 किलो गांजा, 7.795 किलो डोडा, 1.015 किलो हशीश और 900 ग्राम अफीम को फर्नेस में जलाकर नष्ट किया गया। इसके अलावा 25,773 नशीली टेबलेट और 875 कैप्सूल समेत सिरप और खांसी की दवाओं का भी विधिवत डिस्पोजल किया गया।
जिला स्तरीय कमेटी की निगरानी में कार्रवाई
पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी ने नष्टीकरण की प्रक्रिया पूरी कराई। निर्धारित सुरक्षा मानकों और प्रक्रिया के अनुसार जब्त मादक पदार्थों को फर्नेस में डालकर नष्ट किया गया।
सेंट्रल जोन के 37 मामलों की सामग्री नष्ट
सेंट्रल जोन के 37 मामलों में जब्त 143.895 किलो गांजा, 2,349 नशीली टेबलेट, 9 सिरप और 228 कैप्सूल का नष्टीकरण किया गया। वहीं नॉर्थ जोन के 19 प्रकरणों में 86.950 किलो गांजा, 1.015 किलो हशीश, 19,794 टेबलेट, 294 नग खांसी की दवा, 900 ग्राम अफीम और 647 कैप्सूल नष्ट किए गए।
वेस्ट जोन में 21 मामलों की जब्ती का डिस्पोजल
वेस्ट जोन के 21 मामलों में जब्त 207.919 किलो गांजा, 7.795 किलो डोडा और 3,630 नशीली टेबलेट को फर्नेस में नष्ट किया गया। इस तरह तीनों जोन के कुल 77 NDPS मामलों में जब्त मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण किया गया। पुलिस का कहना है कि नशे की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ कार्रवाई के साथ जब्त मादक पदार्थों का नियमानुसार नष्टीकरण भी लगातार किया जा रहा है।