पाटन। सेवा से संकल्प अभियान के तहत बलॉक के स्कूलों में ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन का क्रम जारी है जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होकर स्कूली बच्चो का हौसला बढ़ा रही है। इसी क्रम में सोमवार को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजस) पाटन में विकासखंड स्तरीय ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता में श्रीमती नायक, दुर्ग सांसद विजय बघेल के साथ शिरकत किया,सांसद बघेल एवं श्रीमती नायक ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी प्रतिभा एवं रचनात्मकता की सराहना की और उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस मौके पर जनपद पंचायत अध्यक्ष कीर्ति नायक ने कहा कि बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें सही मंच और अवसर देने की है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा एवं विचारों को अभिव्यक्त करने का अवसर मिलना भी जरूरी है। ड्राइंग एवं भाषण जैसी प्रतियोगिताएं बच्चों के आत्मविश्वास, कल्पनाशक्ति और अभिव्यक्ति क्षमता को मजबूत करती हैं। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि प्रतियोगिता में जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण सहभागिता और अपनी क्षमता को निखारने का प्रयास है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की