बस किराए में 75% तक बढ़ोतरी की मांग! सरकार के सामने बस संचालकों ने रखा प्रस्ताव, परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने जल्द समाधान का दिया भरोसा

बस किराए में 75% तक बढ़ोतरी की मांग! सरकार के सामने बस संचालकों ने रखा प्रस्ताव, परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने जल्द समाधान का दिया भरोसा

साधारण बसों के किराए में 75% और डीलक्स में 30% वृद्धि का प्रस्ताव; स्लीपर टैक्स, समय-सारिणी, ऑनलाइन परमिट और यात्री सुरक्षा पर भी मंथन

रायपुर, 9 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में यात्री बसों के किराए में बड़ी बढ़ोतरी की मांग सामने आई है। परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने बस ऑनर फेडरेशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर यात्री किराया सहित परिवहन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में बस संचालकों ने साधारण बसों के किराए में 75 प्रतिशत और डीलक्स बसों में 30 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रस्ताव सरकार के सामने रखा। संचालकों का कहना है कि बढ़ती संचालन लागत के चलते मौजूदा किराए में बस चलाना मुश्किल हो रहा है। इस पर परिवहन मंत्री ने किराए से जुड़े मामले का जल्द समाधान करने का भरोसा दिया।

स्लीपर टैक्स में बदलाव की मांग

बस संचालकों ने स्लीपर बसों पर लगने वाले टैक्स में बदलाव का सुझाव देते हुए एक स्लीपर को एक सीट के बराबर मानकर टैक्स लेने की मांग रखी।

समय-सारिणी और ऑनलाइन परमिट पर जोर

बैठक में बसों की समय-सारिणी व्यवस्थित करने पर भी चर्चा हुई। मुख्य मार्गों पर बसों के बीच 10 मिनट और ग्रामीण मार्गों पर 30 मिनट का अंतर रखने का सुझाव दिया गया। वहीं, परमिट सहित परिवहन सेवाओं को अधिक से अधिक ऑनलाइन करने पर जोर दिया गया।

महिला यात्रियों की सुरक्षा प्राथमिकता

बैठक में यात्री सुरक्षा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। परिवहन मंत्री ने महिला यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। अब निगाहें सरकार के अगले कदम पर हैं। यदि किराया बढ़ोतरी का प्रस्ताव मंजूर होता है तो इसका सीधा असर प्रदेशभर में बस से सफर करने वाले यात्रियों की जेब पर पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *